Cloud Burst in Himachal: हिमाचल में बादल फटने से आई बाढ़, भारी बारिश चलते घरों में भरा पानी
हिमाचल प्रदेश के सोलन में रविवार को बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जबकि शिमला, मंडी और कुल्लू जिलों में भारी बारिश के कारण घरों में पानी भर गया तथा कई मवेशी बह गए.
Cloud Burst in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के सोलन में रविवार को बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जबकि शिमला, मंडी और कुल्लू जिलों में भारी बारिश के कारण घरों में पानी भर गया तथा कई मवेशी बह गए. बाढ़ और भारी बारिश के कारण फसलों को नुकसान पहुंचा और वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने कहा कि पिछले 24 घंटों में राज्य में बारिश के कारण कई पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित राज्य में 126 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई.
आपातकालीन केंद्र ने कहा कि राज्य भर में 141 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई. इसने कहा कि रविवार सुबह सोलन जिले के अर्की उपमंडल के महल मंगल कठपोल में बादल फटने से लगभग 35 बकरियां बह गईं. Delhi-Mumbai Monsoon Rain: 62 साल बाद आया ऐसा मॉनसून, दिल्ली-मुंबई में एक साथ हुई झमाझम बारिश
मंडी जिले के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हुई है. पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई.
कुल्लू में भारी बारिश के दौरान मोहाल खड्ड क्षेत्र में पांच कारें और तीन ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचा. मंडी जिले में हुई बारिश में दो लोग घायल हो गए, जबकि एक मकान ढह गया तथा दो मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए. भारी बारिश के दौरान दो कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं. शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के सरपारा क्षेत्र में शनिवार रात बारिश के चलते 14 मेगावाट की ग्रीनको परियोजना की जलापूर्ति लाइन, एक गौशाला और कई खेतों को नुकसान पहुंचा.
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंडी जिले का सरकाघाट 130 मिलीमीटर (मिमी) बारिश के साथ सबसे अधिक बारिश वाला स्थान रहा, इसके बाद सुंदरनगर और बलद्वाड़ा में 92 मिमी, धौलाकुआं में 90.5 मिमी और नाहन में 76 मिमी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, चंबा और कुल्लू जिलों में अचानक बाढ़ आने की संभावना के कारण फसलों, फलों के पौधों और अन्य पौधों को नुकसान पहुंचने की चेतावनी दी है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 25, 2023 08:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

