देश

Cholera Outbreak in MP: मध्य प्रदेश के भिंड में हैजा का प्रकोप, दो बुजुर्गों की मौत, 80 से अधिक लोग बीमार

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में हैजा फैलने से कम से कम दो बुजुर्गों की मौत हो गई और 80 से ज़्यादा लोग बीमार पड़ गए. बुधवार को एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी.

Cholera Outbreak in MP: मध्य प्रदेश के भिंड में हैजा का प्रकोप, दो बुजुर्गों की मौत, 80 से अधिक लोग बीमार
Representational Image

भोपाल: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में हैजा फैलने से कम से कम दो बुजुर्गों की मौत हो गई और 80 से ज़्यादा लोग बीमार पड़ गए. बुधवार को एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी. जिले के फूप कस्बे के वार्ड नंबर 5, 6 और 7 में पानी के दूषित होने की वजह से हैजा फैल गया. सीएमएचओ ने बताया, "अभी तक इस प्रकोप में दो बुजुर्गों की मौत हो चुकी है, जबकि दो दिन पहले एक लड़की की मौत हुई थी और वह बुखार के कारण मरी थी. उसे एक बार उल्टी हुई थी और उसे बुखार था."

उन्होंने आगे बताया कि नगर पालिका ने अभी पेयजल आपूर्ति लाइन बंद कर दी है और दूसरे माध्यमों से पानी की आपूर्ति की जा रही है. सीएमएचओ शर्मा ने कहा, "ऐसा लगता है कि यह दूषित पानी के कारण ही हो रहा है और सैंपल की जांच होने के बाद ही चीजें स्पष्ट हो पाएंगी."

उन्होंने कहा, "प्रभावित क्षेत्र के सभी घरों का सर्वे किया गया है, उन्हें दवाइयां और क्लोरीन की गोलियां दी गई हैं. लोगों को पानी उबालकर ही पीने को कहा गया है. इसके अलावा नगर पालिका को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी पानी में गंदगी हो रही है, उसे दूर किया जाए."

दूषित पानी के कारण फैला हैजा

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ, भिंड) डी के शर्मा ने एएनआई को बताया, "पानी में संक्रमण की वजह से हैजा फैलने के कुछ मामले सामने आए थे, जिसके बाद कुछ मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनमें से कुछ का स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया."

उन्होंने बताया, "अब तक कुल 84 लोग प्रभावित हुए हैं और इनमें से ज़्यादातर मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं. फिलहाल अस्पताल में छह मरीज भर्ती हैं. दो मरीजों को ग्वालियर रेफर किया गया था जो ठीक होकर घर लौट चुके हैं."

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 12, 2024 05:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).