पुलिस हिरासत में मां और बेटी के उतरवाए कपडे? डीजीपी को नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इस खबर को लेकर छत्तीसगढ़ के पुलिस प्रमुख को नोटिस जारी किया है कि एक वृद्ध महिला और उसकी बेटी को बिलासपुर में एक पुलिस थाने में एक महिला पुलिसकर्मी ने पुरूष सहयोगियों के सामने कथित रूप से निर्वस्त्र किया और बुरी तरह से पिटायी की
नयी दिल्ली: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इस खबर को लेकर छत्तीसगढ़ के पुलिस प्रमुख को नोटिस जारी किया है कि एक वृद्ध महिला और उसकी बेटी को बिलासपुर में एक पुलिस थाने में एक महिला पुलिसकर्मी ने पुरूष सहयोगियों के सामने कथित रूप से निर्वस्त्र किया और बुरी तरह से पिटायी की. आयोग ने सोमवार को जारी एक बयान में इसे एक ‘‘अमानवीय और बर्बर कृत्य’’ करार दिया. आयोग ने कहा कि उसने इस मामले में मीडिया में आयी खबर पर स्वत: संज्ञान लिया है. आयोग ने कहा कि खबर के अनुसार चोरी के आरोप में गिरफ्तार 60 वर्षीय महिला और उसकी 27 वर्ष की बेटी को एक महिला पुलिसकर्मी ने शहर कोतवाली पुलिस थाने में गत 14 अक्टूबर को पुरूष पुलिस अधिकारियों के सामने निर्वस्त्र किया और बुरी तरह से पिटायी की.
आयोग ने कहा, ‘‘कथित रूप से उच्च रक्तचाप की मरीज होने के चलते मां ने इलाज का अनुरोध किया लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई. यहां तक कि उनके शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर भी चोटें आयीं.’’ आयोग ने छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को एक नोटिस जारी किया है और उनसे चार सप्ताह के भीतर एक रिपोर्ट मांगी है जिसमें दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी हो.
यह भी पढ़े: Paytm मालिक को ब्लैकमेल कर मांगी 20 करोड़ की फिरौती, महिला वाइस प्रेसिडेंट समेत तीन गिरफ्तार
आयोग ने नोटिस जारी करते हुए कहा कि मीडिया में आयी खबर की सामग्री यदि सही है तो इससे पीड़ितों के मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मुद्दा उत्पन्न होता है. आयोग ने कहा, ‘‘जब किसी व्यक्ति को हिरासत में लिया जाता है, यह पुलिस प्राधिकारियों का दायित्व है कि वे उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करें लेकिन इस मामले में ऐसा लगता है कि पुलिसकर्मियों ने स्वयं क्रूर और अमानवीय व्यवहार किया और पीड़ितों को शारीरिक प्रताड़ना दी जो कि अमानवीय और बबर्र है.’’
मीडिया की 17 अक्टूबर की खबर में कहा गया है कि मामला तब प्रकाश में आया जब दोनों पीड़ितों को अदालत के समक्ष पेश किया गया जहां उन्होंने ‘‘पुलिस बर्बरता की कहानी बयां की.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 23, 2018 09:41 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

