Bokaro Viral Video: झारखंड के बोकारो में प्रेमी को पुलिस ने भेजा जेल, रिहाई की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी प्रेमिका, नीचे उतारने में पुलिस के छूटे पसीने

झारखंड के बोकारो जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस द्वारा प्रेमी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने से नाराज एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई. युवती का कहना है कि जब तक उसके प्रेमी को रिहा नहीं किया जाता, वह नीचे नहीं उतरेगी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

(Photo Credits Twitter)

Bokaro News:  झारखंड के बोकारो जिले से एक हाई वोल्टेज ड्रामे की खबर सामने आई है. जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में एक युवती अपने प्रेमी को पुलिस हिरासत से रिहा कराने की मांग को लेकर गगनचुंबी मोबाइल टावर पर चढ़ गई. युवती का आरोप है कि पुलिस ने उसके प्रेमी को गलत तरीके से जेल भेजा है. इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर भी खूब वायरल हो रहा है.

रांची से बरामदगी के बाद प्रेमी गया जेल

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला गोमिया थाना क्षेत्र के ललपनिया पंचायत के तिलैया गांव का है. युवती कुछ दिनों पहले अपने प्रेमी के साथ घर से कहीं चली गई थी. परिजनों की शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस लगातार दोनों की तलाश कर रही थी. चार दिन पहले पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर युवती और उसके प्रेमी को रांची से सकुशल बरामद कर लिया था. बरामदगी के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस ने युवक को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया, जिससे युवती बेहद नाराज हो गई.  यह भी पढ़े:  यूपी में हाई-वोल्टेज ड्रामा: प्रेमी के साथ रहने की मांग को लेकर 5 साल के बच्चे संग 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, SDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू (Watch Video)

 मोबाइल टावर पर चढ़ी प्रेमिका

ढेंढे गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती

प्रेमी को जेल भेजे जाने से क्षुब्ध होकर युवती मंगलवार को नजदीकी ढेंढे गांव में स्थित एक ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी. जब स्थानीय ग्रामीणों की नजर टावर के ऊपरी हिस्से में बैठी युवती पर पड़ी, तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. भीड़ में मौजूद कई लोगों ने अपने मोबाइल से इस घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है. नीचे खड़े लोग लगातार युवती से सुरक्षित वापस उतरने की गुहार लगाते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही.

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर तैनात

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया. इसके बाद बेरमो अनुमंडल के एसडीपीओ (SDPO) रबिन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया और उसे सुरक्षा का आश्वासन दिया.

अधिकारियों के मुताबिक, युवती लगातार टावर से चिल्लाकर एक ही मांग दोहरा रही थी कि पहले उसके प्रेमी को तुरंत रिहा किया जाए, तभी वह नीचे आएगी. खबर लिखे जाने तक पुलिस और रेस्क्यू टीम स्थानीय प्रशासन की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयासों में जुटी हुई थी. पुलिस ने परिजनों को भी मौके पर बुलाया है ताकि युवती की काउंसिलिंग कर उसे नीचे लाया जा सके.

Share Now