Air India Forgotten Aircraft: कोलकाता एयरपोर्ट पर पिछले 13 साल से एक कोना घेरे खड़ा एक पुराना Boeing 737-200 विमान आखिरकार 14 नवंबर को एयरपोर्ट से बाहर ले जाया गया. यह जहाज ट्रैक्टर ट्रेलर पर लादकर बेंगलुरु भेजा गया है, जहां इसका इस्तेमाल अब मेंटेनेंस इंजीनियरों की ट्रेनिंग के लिए किया जाएगा. पिछले पांच साल में एयरपोर्ट से हटाया गया यह 14वां बेकार पड़ा विमान है. खास बात यह है कि जिस जगह यह एयरक्राफ्ट खड़ा था, वहां अब नए हैंगर के निर्माण का काम होगा.
एयर इंडिया को नहीं थी जानकारी
इस पूरे मामले ने तब सभी को हैरान कर दिया जब पता चला कि एयर इंडिया को खुद यह मालूम नहीं था कि यह विमान उनकी लिस्ट में मौजूद है. एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन ने कंपनी कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में खुलासा किया कि यह विमान रिकॉर्ड और मेमोरी, दोनों से गायब हो गया था. उनका कहना था कि प्राइवेटाइजेशन के दौरान यह विमान कंपनी के दस्तावेजों से निकल गया और किसी को याद भी नहीं रहा कि यह एयर इंडिया का हिस्सा है.
इंजन समेत बेचा गया था यह इकलौता विमान
यह भी दिलचस्प है कि एयर इंडिया द्वारा बेचे गए बाकी 9 पुराने विमानों के विपरीत, यह अकेला विमान था जिसे उसके Pratt & Whitney इंजन के साथ बेचा गया. आमतौर पर इंजन अलग रखकर ही विमान को स्क्रैप या ट्रांसफर किया जाता है.
लंबा सफर और अंतिम उपयोग
VT-EHH रजिस्ट्रेशन वाला यह विमान 1982 में इंडियन एयरलाइंस में शामिल हुआ था. बाद में इसे एलायंस एयर को लीज पर दिया गया और 2007 में दोबारा इंडियन एयरलाइंस में लौटा. इसके बाद यह कार्गो विमान के तौर पर चला और फिर इंडिया पोस्ट की सेवा में उपयोग हुआ. 2012 में इसे पूरी तरह से बंद कर दिया गया और तब से यह एयरपोर्ट के दक्षिण-पूर्व कोने में खड़ा था.
बेंगलुरु एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इसे ट्रेनिंग के लिए खरीदा है. वहीं कोलकाता एयरपोर्ट को 13 साल की पार्किंग फीस के तौर पर लगभग 1 करोड़ रुपये की वसूली हुई है.
अब केवल दो विमान बचे बेकार
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, अब कोलकाता एयरपोर्ट पर सिर्फ दो बेकार ATR विमान बचे हैं, जो सरकारी एयरलाइन एलायंस एयर के हैं.












QuickLY