शराब घोटाले को लेकर भाजपा ने जारी किया एक और स्टिंग, 'आप' पर साधा निशाना
दिल्ली शराब घोटाले को लेकर भाजपा ने एक और वीडियो स्टिंग दिखाकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर जमकर निशाना साधा है.
नई दिल्ली, 15 सितंबर : दिल्ली शराब घोटाले को लेकर भाजपा ने एक और वीडियो स्टिंग दिखाकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर जमकर निशाना साधा है. भाजपा मुख्यालय में इस स्टिंग के वीडियो को दिखाकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के घोटाले का जो नया स्टिंग वीडियो सामने आया है उस वीडियो में शराब घोटाले में जांच एजेंसी सीबीआई के आरोपी नंबर 9 अमित अरोड़ा ने पूरी पोल खोल दी है. स्टिंग के वीडियो का हवाला देते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि इस वीडियो में आरोपी नंबर 9 अमित अरोड़ा यह बता रहा है कि किस-किस से कितना पैसा लिया गया. किस प्रकार से यह घोटाला हुआ.
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि इस स्टिंग से पूरे घोटाले का पर्दाफाश हो गया कि यह पूरी की पूरी पॉलिसी घोटाले के लिए ही तैयार की गई. अमित अरोड़ा बता रहा है कि कमीशन सरकार ने तय किया और शराब घोटाले के पैसे का इस्तेमाल गोवा और पंजाब में चुनाव लड़ने के लिए किया गया. त्रिवेदी ने कहा कि वीडियो से यह पता लग रहा है कि छोटे-मोटे प्लेयर को इंडस्ट्री में आने से रोकने के लिए 5-5 करोड़ रुपए तक की मिनिमम फीस निर्धारित की गई. जबकि यह पॉलिसी इस आधार पर बनाई जाती है कि छोटे-छोटे व्यापारियों को भी काम करने का मौका मिले. यह भी पढ़ें : लखीमपुर कांड पर मायावती, प्रमुख शिवपाल यादव और जयंत चौधरी ने सरकार पर बोला हमला
वीडियो में अमित अरोड़ा ने सिर्फ दो आदमियों को दस हजार करोड़ रुपये का धंधा देने, नई आबकारी नीति के बहाने ब्लैक मनी को व्हाइट करने, दिल्ली से शराब को गुजरात पहुंचाने, दिल्ली के होटलों में बैठकर अपने करीबियों को फायदा पहुंचाने के लिए यह पॉलिसी बनाने और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के लिए कमीशन का खेल खेलने का आरोप दिल्ली सरकार पर लगाया है.
त्रिवेदी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की बात करने वाली आम आदमी पार्टी का चरित्र कुछ ही सालों में इतना बदल गया है कि अब वो अपने कहे अनुसार ही स्टिंग वीडियो सामने आने के बाद भी एक्शन लेने को तैयार नहीं है. उन्होंने कहा कि स्टिंग के पहले वीडियो पर भी अभी तक केजरीवाल सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है और अब यह दूसरा वीडियो भी आ गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2022 01:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

