देश

Bihar Politics: सम्राट चौधरी ने वित्त विभाग और प्रेम कुमार ने पर्यटन विभाग का पदभार संभाला

बिहार में बनी नई सरकार में मंत्री बने सम्राट चौधरी ने मंगलवार को वित्त मंत्रालय का पदभार संभाल लिया. प्रेम कुमार ने पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी संभाल ली.

Bihar Politics: सम्राट चौधरी ने वित्त विभाग और प्रेम कुमार ने पर्यटन विभाग का पदभार संभाला
Samrat Chaudhary Photo Credits: ANI

पटना, 6 फरवरी : बिहार में बनी नई सरकार में मंत्री बने सम्राट चौधरी ने मंगलवार को वित्त मंत्रालय का पदभार संभाल लिया. प्रेम कुमार ने पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी संभाल ली. चौधरी मंगलवार को सचिवालय स्थित वित्त विभाग कार्यालय पहुंचे और पदभार ग्रहण किया. इस अवसर पर विभागीय पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर कार्यालय कक्ष में उनका स्वागत किया.

पदभार ग्रहण करने के बाद वित्त मंत्री ने विभागीय पदाधिकारियों के साथ बजट पर विस्तृत चर्चा की. पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में नई सरकार के गठन के बाद सबसे बड़ी चुनौती अपने संसाधनों को बढ़ाने की है. बजट में हमारी हिस्सेदारी कम होती है लेकिन भारत सरकार से जो सहयोग मिलता है तो वह बजट बड़ा हो जाता है. उन्होंने कहा कि आगे हम वित्तीय प्रबंधन कैसे अच्छे तरीके से करें, इसको लेकर काम किया जाएगा. आर्थिक संसाधन कम रहते हुए भी बिहार आगे बढ़ रहा है. यह भी पढ़ें : राहुल गांधी असफल हो चुके हैं, उन्हें कोई स्वीकार नहीं कर रहा : उप्र के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

उन्होंने भरोसा दिया कि जो जिम्मेदारी मिली है उस तरफ हम काम करते रहेंगे. इधर, डॉ प्रेम कुमार ने भी पर्यटन विभाग में पदभार ग्रहण किया. मंत्री का स्वागत पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने किया. मंत्री ने कहा कि बिहार प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परम्पराओं, विरासतों तथा सभी धर्मों के पवित्र स्थलों के केंद्र के रूप में पर्यटन मानचित्र पर पहचान बना चुका है. पर्यटकों को परिभ्रमण में किसी तरह की कठिनाई उत्पन्न न हो, उनकी संख्या लगातार बढ़े, इसके लिए सरकार प्रयत्नशील रहेगी.

उन्होंने कहा कि पर्यटन संपदाओं से समृद्ध इस प्रदेश में पर्यटन उद्योग की असीम संभावनाएं है. पर्यटन को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए पर्यटन स्थलों को विकसित कर पर्यटकों की बुनियादी सुख-सुविधाओं का समुचित प्रबंधन करने का कार्य राज्य सरकार की प्राथमिकता है.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 06, 2024 01:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).