देश

Bihar Politics: राजद ने तेजप्रताप यादव को आधिकारिक तौर पर 6 साल के लिए निष्कासित किया, कार्यालय आदेश जारी

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रविवार को तेजप्रताप यादव को आधिकारिक रूप से पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. पार्टी ने इस संबंध में एक कार्यालय आदेश जारी कर इसकी जानकारी दी है. दरअसल, तेजप्रताप यादव को पार्टी से निष्कासित करने का यह आदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी की ओर से जारी किया गया है.

Bihar Politics: राजद ने तेजप्रताप यादव को आधिकारिक तौर पर 6 साल के लिए निष्कासित किया, कार्यालय आदेश जारी
(Photo Credits Instagram)

पटना, 1 जून : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रविवार को तेजप्रताप यादव को आधिकारिक रूप से पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. पार्टी ने इस संबंध में एक कार्यालय आदेश जारी कर इसकी जानकारी दी है. दरअसल, तेजप्रताप यादव को पार्टी से निष्कासित करने का यह आदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी की ओर से जारी किया गया है. आदेश में कहा गया, "राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश के आलोक में तेजप्रताप यादव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है." इससे पहले, राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के माध्यम से तेजप्रताप यादव को पार्टी से निकाले जाने के बारे में जानकारी दी थी.

लालू प्रसाद ने 25 मई को अपने 'एक्स' हैंडल पर लिखा था, "निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है. ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है. उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं. अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी. उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है." यह भी पढ़ें : Tej Pratap Emotional Post: तेज प्रताप को माता-पिता के बाद अब भाई तेजस्वी की आई याद, किया दिल छू लेने वाला पोस्ट; लिखा…

उन्होंने आगे कहा था, "अपने निजी जीवन का भला-बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है. उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें. लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं. परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सार्वजनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है." पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव पहले से शादीशुदा हैं. तेजप्रताप यादव की शादी ऐश्वर्या राय से हुई थी. हालांकि, दोनों के बीच तलाक का मामला अभी कोर्ट में चल रहा है. ऐसे में अचानक एक महिला के साथ तेजप्रताप की तस्वीर वायरल होने के बाद खलबली मच गई थी और उसके बाद लालू ने उन्हें पार्टी और परिवार से बेदखल कर दिया.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2025 04:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).