Bihar MLC Polls: सियासत में 'पावर स्टार' की एंट्री, BJP ने पवन सिंह को दिया बड़ा मौका; बिहार राजनीति में बढ़ी हलचल

राजनीतिक जानकारों के अनुसार बीजेपी ने उम्मीदवारों के चयन में अनुभव, संगठन, महिला प्रतिनिधित्व और जनप्रिय चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है. संजय मयूख जैसे अनुभवी नेता, पवन सिंह जैसे लोकप्रिय सांस्कृतिक व्यक्तित्व और संगठन से जुड़े अनिल कुमार ठाकुर व शीला पंडित को मैदान में उतारकर पार्टी ने अपनी व्यापक चुनावी रणनीति का संकेत दिया है.

अमित शाह और पवन सिंह (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Bihar MLC Polls: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. पार्टी ने चार नेताओं को उम्मीदवार बनाया है, जिनमें भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और गायक पवन सिंह का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है. पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूची में पवन सिंह, संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को उम्मीदवार बनाया गया है. यह घोषणा बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी की गई. Bihar Weather Update: बिहार में 3 से 4 दिन की देरी से दस्तक देगा मानसून, अगले तीन दिनों में 3 डिग्री तक बढ़ेगा पारा

पवन सिंह का नाम सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है. भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' के नाम से मशहूर पवन सिंह की भोजपुरी भाषी क्षेत्रों में बड़ी लोकप्रियता है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनकी उम्मीदवारी से बीजेपी को युवाओं और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े मतदाताओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने में मदद मिल सकती है.

काफी समय से पवन सिंह के सक्रिय राजनीति में आने की अटकलें लगाई जा रही थीं. अब विधान परिषद चुनाव के लिए उनकी उम्मीदवारी को राजनीति में उनकी औपचारिक और बड़ी एंट्री के तौर पर देखा जा रहा है.

वहीं बीजेपी ने एक बार फिर अपने वरिष्ठ नेता और बिहार के मुख्य प्रवक्ता संजय मयूख पर भरोसा जताया है. पार्टी ने उन्हें तीसरी बार विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है. इसे संगठन और नेतृत्व का उन पर विश्वास माना जा रहा है.

अनिल कुमार ठाकुर को भी पार्टी ने मौका दिया है. उन्हें संगठन में लंबे समय से सक्रिय और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता के रूप में जाना जाता है.

इसके अलावा शीला पंडित को उम्मीदवार बनाकर बीजेपी ने महिला प्रतिनिधित्व को भी महत्व देने का संदेश दिया है. पार्टी की यह रणनीति महिला भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है.

राजनीतिक जानकारों के अनुसार बीजेपी ने उम्मीदवारों के चयन में अनुभव, संगठन, महिला प्रतिनिधित्व और जनप्रिय चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है. संजय मयूख जैसे अनुभवी नेता, पवन सिंह जैसे लोकप्रिय सांस्कृतिक व्यक्तित्व और संगठन से जुड़े अनिल कुमार ठाकुर व शीला पंडित को मैदान में उतारकर पार्टी ने अपनी व्यापक चुनावी रणनीति का संकेत दिया है.

Share Now