देश

Bihar Horror: स्कूल में 5 साल की बच्ची को बेल्ट से पीटा, हाथ-पैर में चुभोई सुई, बेल्ट बांधकर लटकाया

बिहार के मधेपुरा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है. शंकरपुर थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में 5 साल की मासूम बच्ची के साथ बर्बरता की हदें पार कर दी गईं.

Bihar Horror: स्कूल में 5 साल की बच्ची को बेल्ट से पीटा, हाथ-पैर में चुभोई सुई, बेल्ट बांधकर लटकाया
Representational Image | Pixabay

पटना: बिहार के मधेपुरा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है. शंकरपुर थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में 5 साल की मासूम बच्ची के साथ बर्बरता की हदें पार कर दी गईं. आरोप है कि स्कूल संचालक के भतीजे ने बच्ची को बेल्ट से बेरहमी से पीटा, सुई से शरीर पर वार किए और उसे बेल्ट के सहारे लटकाने की कोशिश भी की. इस घटना के बाद से बच्ची गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है.

यह चौंकाने वाली घटना मौरा कबियाही पंचायत के नया गांव स्थित एक निजी स्कूल में शनिवार को घटी. पीड़ित परिवार के अनुसार, स्कूल संचालक अनिल यादव के भतीजे अन्नू कुमार पर इस निर्मम पिटाई का आरोप है. घटना के बाद से ही स्कूल में ताला लगा हुआ है. बच्ची के परिजनों ने बताया कि पिटाई के बाद उसे बेल्ट के सहारे लटकाने का प्रयास किया गया. यही नहीं, उसके हाथों और पैरों में सुई चुभोकर घायल भी किया गया.

अस्पताल में बच्ची, फरार हुआ संचालक

परिजनों के मुताबिक, इस हैवानियत के बाद स्कूल संचालक बच्ची को कबियाही हटिया स्थित उसकी मां की दुकान के पास छोड़कर फरार हो गया. आनन-फानन में घायल बच्ची पूजा कुमारी को जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. मेडिकल कॉलेज में मौजूद पूजा की बुआ रीना देवी ने बताया कि उनके भाई संजय यादव ने पांच महीने पहले ही अपनी दो बेटियों का दाखिला शंकरपुर के इस न्यू पब्लिक स्कूल में कराया था.

परिवार ने बताया पूरा वाकया

रीना देवी ने आगे बताया कि शनिवार रात उनकी भाभी अपनी नाश्ते की दुकान पर थीं, तभी स्कूल संचालक अनिल यादव बच्ची को गंभीर हालत में छोड़कर भाग गया. इसके बाद परिवार ने तुरंत बच्ची को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया. उन्होंने बताया कि उनकी भतीजी को पहले बेल्ट से पीटा गया, फिर गर्दन से बेल्ट के सहारे टांग कर उसकी और पिटाई की गई. इसके बाद सीरिंज की निडिल उसके हाथ में चुभोई गई.

हालांकि, इस मामले में शंकरपुर थाना को अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. थाना अध्यक्ष रौशन कुमार ने आश्वासन दिया है कि आवेदन मिलते ही कानूनी कार्रवाई तुरंत की जाएगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 05:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).