देश

बिहार के वैशाली में मनचलों की दबंगई, छेड़खानी का विरोध करने पर मुंडवाया मां-बेटी का सिर

बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर मनचलों ने मां और बेटी का सिर मुंडवा दिया. एसएचओ ने बताया कि कुछ लोग पीड़िता के घर में जबरदस्ती घुस आए और बेटी के साथ छेड़खानी करने लगे. जब मां और बेटी ने इसका विरोध किया तो वार्ड सदस्य खुर्शीद ने वहां नाई को बुलवा लिया और उन दोनों के सिर मुंडवा दिए.

बिहार के वैशाली में मनचलों की दबंगई, छेड़खानी का विरोध करने पर मुंडवाया मां-बेटी का सिर
बिहार में छेड़खानी का विरोध करने पर मां-बेटी का सिर मुंडवाया (Photo Credits: Twitter/ANI)

बिहार (Bihar) के वैशाली जिले से दबंगई का एक मामला सामने आया है. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, वैशाली (Vaishali) जिले के भगवानपुर (Bhagvanpur) थाना क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर मनचलों ने मां और बेटी का सिर मुंडवा दिया. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. भगवानपुर थाना के एसएचओ (SHO) ने बताया कि कुछ लोग पीड़िता के घर में जबरदस्ती घुस आए और बेटी के साथ छेड़खानी करने लगे. जब मां और बेटी ने इसका विरोध किया तो वार्ड सदस्य खुर्शीद (Ward Member Khurshid) ने वहां नाई (Barber) को बुलवा लिया और उन दोनों के सिर मुंडवा दिए. एसएचओ ने कहा कि इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपियों ने मां-बेटी की बेरहमी से पिटाई भी की और इसके बाद उन्हें पूरे गांव में भी घुमाया. मां-बेटी के साथ हुए अत्याचार का गांव में किसी ने विरोध नहीं किया. लोग तमाशबीन बने रहे. बताया जा रहा है कि यह घटना बुधवार को हुई है. यह भी पढ़ें- बिहार: फिर सामने आया 'पकड़ुआ विवाह' का मामला, नवादा घूमने गए युवक की जबरन कराई शादी, विरोध करने पर हुई पिटाई

उधर, इस मामले पर पीड़ित मां-बेटी का कहना है कि पास में ही रहने वाले मनचलों ने अपनी मनमानी करना चाहा और जब हमने इसका विरोध किया तो उन्होंने हमारी जमकर पिटाई की और बदचलनी का आरोप लगाकर सिर मुंडवा दिया.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 27, 2019 01:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).