बिहार: डायन बताकर महिला की पीट-पीटकर हत्या, मामले में 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
बिहार के नवादा जिले के गोविंदपुर थाना अंतर्गत कोयलीगढ़ गांव में मंगलवार को कुछ लोगों ने एक महिला को डायन बताकर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
नवादा: बिहार (Bihar) के नवादा जिले (Navada) के गोविंदपुर थाना अंतर्गत कोयलीगढ़ गांव में मंगलवार को कुछ लोगों ने एक महिला को डायन बताकर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी. गोविंदपुर थाना प्रभारी ज्योति पुंज (Jyoti Punj) ने बताया, ‘‘मृतक महिला का नाम मंती देवी (50) है, जो कोयलीगढ़ गांव निवासी प्रसादी मांझी की पत्नी थी.’’ उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम (Postmortem) के लिए नवादा सदर अस्पताल (Navada Sadar Hospital) भेज दिया गया है.
मृतक मंती देवी के पति ने इस मामले में कुल 12 लोगों बिरजु मांझी, सुरेश मांझी, नरेश मांझी, कारू मांझी, कुना मांझी, अनील मांझी, तुलसी मांझी, मुनी मांझी, सुखदेव मांझी और संजय मांझी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.
पुंज ने बताया, ‘‘इस मामले प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मुख्य आरोपी बिरजु मांझी और तीन अन्य आरोपियों सुरेश मांझी, कारू मांझी और नरेश मांझी को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है.’’ उन्होंने बताया कि वारदात में संलिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. पुंज ने बताया, ‘‘सभी आरोपी कोयलीगढ़ गांव के हैं.’’ यह भी पढ़ें: झारखंड: जादू-टोना के संदेह में 4 आदिवासियों की पीट-पीटकर हत्या, दो पुजारियों समेत 8 लोग गिरफ्तार
वहीं रजौली के पुलिस निरीक्षक बिनोद कुमार सिंह तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंज बिहारी सिंह ने सूचना मिलते ही कोयलीगढ़ गांव पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया. प्रसादी मांझी ने बताया कि उनकी पत्नी मंगलवार सुबह जब पानी लाने के लिए गयी थी तब वहां सभी आरोपी पहले से घात लगाए बैठे थे. उन्होंने डायन होने का आरोप लगाते हुए मंती देवी की बुरी तरह पिटाई कर दी.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 23, 2019 11:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

