17 जुलाई की बड़ी खबरें
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.अमेरिका ने ईरान के चाबहार बंदरगाह और पुलों पर किए हमले

सऊदी अरब पर हूथियों के हमले से पाकिस्तान क्यों है चिंतित

इस हफ्ते यमन के ईरान समर्थित हूथियों के सऊदी अरब पर हमलों ने पाकिस्तान को चिंता में डाल दिया है क्योंकि इससे पाकिस्तान के अमेरिका-ईरान जंग में खिंच जाने का खतरा पैदा हो गया है. अगर पाकिस्तान इस युद्ध में खिंचता है तो अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की उसकी भूमिका भी प्रभावित होगी. पाकिस्तान ने पिछले महीने अमेरिका और ईरान के बीच एक अंतरिम समझौता करवाने में मदद की थी.

पाकिस्तान के इस जंग में खिंचने का खतरा इसलिए है क्योंकि पिछले साल पाकिस्तान और सऊदी अरब ने एक पारस्परिक रक्षा समझौता किया था. सऊदी अरब में हजारों की संख्या में पाकिस्तानी सैनिक और लड़ाकू विमानों की एक स्क्वाड्रन भी तैनात है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने दो पाकिस्तानी अधिकारियों के हवाले से बताया है कि पाकिस्तान सैनिक यमन के साथ सऊदी अरब की सीमा के पास तैनात हैं.

अधिकारियों और क्षेत्रीय विश्लेषकों के मुताबिक, हूथियों के हमलों ने पाकिस्तान की नाराजगी बढ़ाई है क्योंकि इससे सऊदी अरब और हूथियों के बीच नए सिरे से संघर्ष शुरू हो सकता है. एक पाकिस्तानी अधिकारी ने रॉयटर्स से कहा, "हमारे शीर्ष नागरिक और सैन्य नेताओं ने ईरान को उच्चतम स्तर पर यह संदेश दिया है कि सऊदी अरब पर हमले पाकिस्तान पर हमले हैं."

अमेरिका ने ईरान के चाबहार बंदरगाह और पुलों पर किए हमले

अमेरिका ने शुक्रवार तड़के ईरान के खिलाफ अपने हवाई हमलों का दायरा और बढ़ाया. अमेरिका ने हवाई हमलों में होर्मुज जलडमरूमध्य के तट पर स्थित ईरान के बंदर खमीर शहर में कई पुलों तथा चाबहार बंदरगाह पर स्थित एक निगरानी टावर को निशाना बनाया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप ने इससे पहले ईरान के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले करने की चेतावनी दी थी.

इसके जवाब में ईरान ने कतर, बहरीन, कुवैत और जॉर्डन की ओर मिसाइलें दागीं. कतर में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी जारी की गई. कतर के गृह मंत्रालय ने बताया कि ईरान की ओर से किए गए कई हवाई हमलों को कतर की वायु रक्षा प्रणाली ने बीच रास्ते में ही नष्ट कर दिया. इस दौरान गिरे मलबे की चपेट में आने से एक बच्चा घायल हो गया.

ईरान और अमेरिका समझौते के रास्ते से क्यों भटक गए?

पिछले महीने हुआ अंतरिम युद्धविराम अब पूरी तरह टूट चुका है. अमेरिका और ईरान के बीच लगातार कई दिनों से जवाबी सैन्य कार्रवाई जारी है. दोनों देशों के बीच संघर्ष का केंद्र होर्मुज जलडमरूमध्य बना हुआ है, जो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है. ईरानी अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार के अमेरिकी हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है, जबकि कुल मिलाकर दर्जनों लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हुए हैं.

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि जवाबी कार्रवाई में उसने कुवैत स्थित एक अमेरिकी सैन्य अड्डे को निशाना बनाया है. ईरानी समाचार एजेंसी मेहर के अनुसार, इस हमले में एक मिसाइल रक्षा रडार, कई महत्वपूर्ण हथियार भंडार और दो हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम को निशाना बनाया गया.