Bhuleshwar Cha Raja Idol Collapse: प्रतिमा हादसे के बाद मदद को आगे आया लालबागचा राजा, 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान
यह दुखद हादसा शनिवार शाम दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में बालाराम मर्चेंट रोड पर उस समय हुआ, जब 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को आगमन मिरवणूक (जुलूस) के जरिए पंडाल की ओर ले जाया जा रहा था. पंडाल से महज 50 से 100 फीट की दूरी पर अचानक प्रतिमा नीचे गिर गई.
Bhuleshwar Cha Raja Idol Collapse: मुंबई के दक्षिण इलाके में 'भुलेश्वर का राजा' गणेश प्रतिमा के आगमन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद 'लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल' पीड़ित मंडल और परिवारों की मदद के लिए आगे आया है. लालबागचा राजा मंडल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर जानकारी देते हुए 'भुलेश्वर राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल' को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले दोनों पदाधिकारियों के परिवारों को भी 5-5 लाख रुपये की वित्तीय मदद दी जाएगी.
प्रतिमा गिरने से दो पदाधिकारियों की हुई थी मौत
यह दुखद हादसा शनिवार शाम दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में बालाराम मर्चेंट रोड पर उस समय हुआ, जब 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को आगमन मिरवणूक (जुलूस) के जरिए पंडाल की ओर ले जाया जा रहा था. पंडाल से महज 50 से 100 फीट की दूरी पर अचानक प्रतिमा नीचे गिर गई.
इस दुर्घटना में भुलेश्वर राजा गणेशोत्सव मंडल के अध्यक्ष संकेत नवशे और पदाधिकारी ब्रिजेश जोशी की मौत हो गई, जबकि लगभग पांच अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों (जीटी, जेजे और रिलायंस अस्पताल) में भर्ती कराया गया.
वेल्डिंग में खराबी और तकनीकी खामी की आशंका
पुलिस और मुंबई फायर ब्रिगेड की शुरुआती जांच के अनुसार, प्रतिमा के पिछले हिस्से में लगी सपोर्ट संरचना की वेल्डिंग टूटने या कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रतिमा का संतुलन बिगड़ने से वह अचानक आगे की तरफ झुककर गिर पड़ी. एल.टी. मार्ग पुलिस स्टेशन में इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
बीएमसी करेगी आगमन मार्गों का निरीक्षण
इस घटना के बाद आगामी गणेशोत्सव की तैयारियों और सुरक्षा उपायों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थिति को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने आश्वासन दिया है कि शहर भर में गणेश प्रतिमाओं के आगमन जुलूस के रास्तों का विशेष निरीक्षण किया जाएगा. इसके तहत सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 25, 2026 03:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

