देश

Ayushman Bharat Card In West Bengal: पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू, जानें पात्रता, फायदे और आवेदन प्रक्रिया

इलाज के लिए सबसे पहले किसी सूचीबद्ध अस्पताल का चयन करें. अस्पताल पहुंचने पर आयुष्मान मित्र डेस्क पर अपना आयुष्मान कार्ड दिखाएं. बायोमेट्रिक सत्यापन और डिजिटल प्री-ऑथराइजेशन के बाद मरीज को कैशलेस इलाज मिलेगा. अस्पताल सीधे सरकार से भुगतान प्राप्त करेगा. योजना के तहत पंजीकरण, e-KYC और कार्ड डाउनलोड पूरी तरह निःशुल्क है.

Ayushman Bharat Card In West Bengal: पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू, जानें पात्रता, फायदे और आवेदन प्रक्रिया

Ayushman Bharat Card In West Bengal: पश्चिम बंगाल में 16 अगस्त 2026 से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) आधिकारिक तौर पर लागू हो गई है. इस योजना के तहत पात्र परिवारों को सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा. राज्य के करीब 1.43 करोड़ पात्र परिवारों को इस योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है. इच्छुक लाभार्थी आधिकारिक पोर्टल beneficiary.nha.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. Ayushman Bharat Yojana: घर बैठे ऐसे बनाएं आयुष्मान कार्ड, यहां जानें ऑनलाइन आवेदन और e-KYC की पूरी प्रक्रिया

पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना की मुख्य विशेषताएं

योजना 16 अगस्त 2026 से पूरे पश्चिम बंगाल में लागू.

प्रत्येक परिवार को सालाना 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा.

देशभर के 36,000 से अधिक सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस और पेपरलेस इलाज.

लाभार्थियों में 1.43 करोड़ से अधिक पात्र परिवार, 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक और फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मी शामिल.

आवेदन और पंजीकरण ऑनलाइन किया जा सकता है.

योजना के तहत क्या-क्या मिलेगा?

आयुष्मान भारत योजना के तहत परिवार को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा. यह सुविधा पूरे भारत में लागू होगी, यानी पश्चिम बंगाल का लाभार्थी किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में इलाज करा सकेगा.

इस योजना में परिवार के सदस्यों की संख्या या उम्र की कोई सीमा नहीं है. पहले से मौजूद बीमारियां भी कार्ड जारी होने के पहले दिन से कवर होंगी. इसके अलावा अस्पताल में भर्ती होने से पहले की जांच, ऑपरेशन से पहले की सलाह और डिस्चार्ज के बाद 15 दिनों तक के इलाज का खर्च भी योजना में शामिल है.

कौन हैं पात्र?

ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकान में रहने वाले, भूमिहीन कृषि मजदूर, ऐसे परिवार जिनमें कमाने वाला वयस्क पुरुष नहीं है तथा अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) परिवार इस योजना के पात्र हैं.

शहरी क्षेत्रों में रेहड़ी-पटरी विक्रेता, घरेलू सहायिका, निर्माण श्रमिक, परिवहन कर्मी, सफाई कर्मचारी, मैकेनिक समेत कई श्रेणियों के लोग योजना का लाभ उठा सकते हैं.

70 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड दिया जाएगा, जिसके तहत उन्हें 5 लाख रुपये तक का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा मिलेगा. पश्चिम बंगाल में सभी आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता (AWW) और आंगनवाड़ी सहायिकाएं (AWH) भी योजना में शामिल हैं.

स्वास्थ्य साथी और MMSBY से कैसे जुड़ी है योजना?

जिन लोगों के पास पहले से स्वास्थ्य साथी कार्ड है, उनकी पात्रता स्वास्थ्य साथी के डेटाबेस के आधार पर तय की जाएगी.

जो लाभार्थी केंद्रीय SECC सूची के अनुसार पात्र होंगे, उन्हें PM-JAY का लाभ मिलेगा. बाकी लाभार्थियों को पहले की तरह MMSBY योजना के तहत सुविधाएं मिलती रहेंगी.

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से लिंक)

राशन कार्ड

सक्रिय मोबाइल नंबर

70 वर्ष या उससे अधिक आयु के आवेदकों के लिए आयु प्रमाण पत्र (आधार या वोटर आईडी)

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?

सबसे पहले beneficiary.nha.gov.in पर जाएं. इसके बाद Beneficiary विकल्प चुनकर अपना 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज करें और OTP के जरिए लॉगिन करें.

अब राज्य के रूप में West Bengal चुनें और आधार नंबर, फैमिली आईडी या राशन कार्ड नंबर से अपना नाम खोजें.

यदि स्टेटस Unverified दिखाई देता है, तो Action/e-KYC पर क्लिक करें और आधार OTP, आइरिस स्कैन या फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए सत्यापन पूरा करें. सत्यापन के बाद डिजिटल आयुष्मान कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है.

ऑफलाइन आवेदन कैसे करें?

लाभार्थी अपने आधार कार्ड और राशन कार्ड के साथ किसी भी सूचीबद्ध सरकारी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, निजी अस्पताल के आयुष्मान मित्र हेल्प डेस्क या दुआरे सरकार (Duare Sarkar) शिविर में जाकर पंजीकरण और e-KYC करा सकते हैं.

कैशलेस इलाज कैसे मिलेगा?

इलाज के लिए सबसे पहले किसी सूचीबद्ध अस्पताल का चयन करें. अस्पताल पहुंचने पर आयुष्मान मित्र डेस्क पर अपना आयुष्मान कार्ड दिखाएं. बायोमेट्रिक सत्यापन और डिजिटल प्री-ऑथराइजेशन के बाद मरीज को कैशलेस इलाज मिलेगा. अस्पताल सीधे सरकार से भुगतान प्राप्त करेगा. योजना के तहत पंजीकरण, e-KYC और कार्ड डाउनलोड पूरी तरह निःशुल्क है.

 

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 16, 2026 01:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).