Asish Banerjee Suicide: 'ब्लैकमेलिंग के दबाव' में उठाया कदम? सुवेंदु अधिकारी ने जताया शक, जांच की उठाई मांग
रविवार शाम तक ममता बनर्जी की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी. हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर आशीष बनर्जी की आत्महत्या के लिए भाजपा और मीडिया को जिम्मेदार ठहराया.
Asish Banerjee Suicide: पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की कथित आत्महत्या के मामले में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने रविवार को बड़ा बयान दिया. उन्होंने आशंका जताई कि आशीष बनर्जी ने संभवतः "ब्लैकमेलिंग के दबाव" में यह कदम उठाया होगा. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सुसाइड नोट और मोबाइल फोन की गहन जांच की जाएगी. Asish Banerjee Suicide Case: पश्चिम बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट में भ्रष्टाचार के आरोपों से किया इनकार
'भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़े हुए थे आशीष बनर्जी'
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद आशीष बनर्जी अपनी ही पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ खड़े हुए थे. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से दूरी बना ली थी और पार्टी की उस समिति से भी इस्तीफा दे दिया था, जिसका गठन ममता बनर्जी ने किया था. अधिकारी ने दावा किया कि पार्टी के भीतर मौजूद भ्रष्ट लोगों ने उन पर दबाव बनाया हो सकता है या उन्हें ब्लैकमेल किया गया हो.
धमकी के एंगल से होगी जांच
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जांच की जानी चाहिए कि क्या किसी ने आशीष बनर्जी को धमकी दी थी. उन्होंने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ कराने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षक रहे आशीष बनर्जी व्यक्तिगत रूप से ईमानदार थे, लेकिन उनके सभी राजनीतिक सहयोगियों के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता.
आशीष बनर्जी की आत्महत्या के पीछे 'ब्लैकमेलिंग का दबाव' हो सकता है:
TMC के आरोपों को किया खारिज
सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के उन आरोपों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि भाजपा और प्रशासनिक दबाव की वजह से आशीष बनर्जी ने आत्महत्या की. उन्होंने कहा कि पुलिस या प्रशासन की ओर से उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया था और भाजपा की ओर से भी किसी ने उन्हें धमकी नहीं दी थी. ऐसे में यह जांच जरूरी है कि क्या तृणमूल कांग्रेस के भीतर भ्रष्टाचार से जुड़े लोगों ने उन्हें डराया-धमकाया था.
अभिषेक बनर्जी ने BJP और मीडिया पर लगाया आरोप
रविवार शाम तक ममता बनर्जी की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी. हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर आशीष बनर्जी की आत्महत्या के लिए भाजपा और मीडिया को जिम्मेदार ठहराया.