Independence Day 2025: भारत के अलावा चार और देश मना रहे हैं आजादी का जश्न, जानें उनके नाम और बलिदान की कहानी

Independence Day 2025: आज 15 अगस्त 2025 को देशभर में आजादी का जश्न मनाया जा रहा है. हर तरफ तिरंगे के रंग बिखरे हैं, देशभक्ति के गीत गूंज रहे हैं और लाल किले से लेकर गांव-कस्बों तक उत्साह का माहौल है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि 15 अगस्त की तारीख सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई और देशों के लिए भी आजादी का प्रतीक है. हालांकि, हर देश की आजादी की कहानी अलग है. कहीं दशकों तक चले औपनिवेशिक शासन से मुक्ति मिली, तो कहीं लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद आजादी हासिल हुई. लेकिन इन सभी का जज्बा एक जैसा है, 'अपनी मिट्टी, अपने लोगों और अपनी पहचान पर गर्व.'

ये भी पढें: Independence Day: लाल किले से पीएम मोदी ने आरएसएस को बताया दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ, जानते हैं क्यों?

15 अगस्त को इन देशों में भी मनाया जाता है स्वतंत्रता दिवस

1. दक्षिण कोरिया (South Korea):  यहां 15 अगस्त को 'ग्वांगबोकजोल' के नाम से जाना जाता है, जिसका मतलब है 'रोशनी की वापसी'. 1945 में जापान के कब्जे से आजादी मिलने के बाद यह दिन दक्षिण कोरिया के लिए गर्व और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बन गया. वहां इस मौके पर परेड, पारंपरिक कार्यक्रम और देशभर में झंडा फहराने की परंपरा है.

2. उत्तर कोरिया (North Korea): यहां भी यही तारीख बेहद खास है. वहां इसे 'जोसेऑन ग्वांगबोकजोल' कहा जाता है. उत्तर कोरिया में भी 15 अगस्त 1945 को जापानी औपनिवेशिक शासन का अंत हुआ था. इस दिन सरकारी समारोह, सांस्कृतिक प्रदर्शन और बड़े पैमाने पर देशभक्ति के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं.

3. कांगो गणराज्य (Republic of the Congo): इस अफ्रीकी देश ने भी 15 अगस्त 1960 को फ्रांस से आजादी पाई थी. वहां इस दिन रंगारंग परेड, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रदर्शन होते हैं. देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हैं और राष्ट्रीय गौरव का इज़हार करते हैं.

4. लिकटेंस्टाइन (Liechtenstein): यूरोप के इस छोटे खूबसूरत देश में भी 15 अगस्त को राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है. यहां की खासियत यह है कि शाही परिवार खुद अपने महल के दरवाज़े नागरिकों के लिए खोल देता है. लोग सीधे राजपरिवार से मिल सकते हैं और देश की एकता का जश्न मनाते हैं.

राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दें

इस तरह देखा जाए तो 15 अगस्त एक वैश्विक तारीख है, जो अलग-अलग देशों के लिए स्वतंत्रता, गर्व और पहचान का प्रतीक है. भारत में जब तिरंगा आसमान में लहराता है, तो उसी वक्त कोरिया, अफ्रीका और यूरोप में भी लोग अपनी-अपनी आज़ादी की कहानियों को याद कर रहे होते हैं.

तो अगली बार जब 15 अगस्त का सूरज उगे, और आप राष्ट्रगान के साथ तिरंगा सलामी दें, तो याद रखिए कि इस तारीख पर दुनिया के कई कोनों में भी झंडे लहरा रहे हैं और स्वतंत्रता का नग्मा गूंज रहा है.