देश

Andheri West Fire: अंधेरी वेस्ट के SRA बिल्डिंग में भीषण आग, जान बचाने के लिए तीसरी-चौथी मंजिल से कूदे लोग; VIDEO वायरल

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कितने लोगों ने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगाई और हादसे में कितना नुकसान हुआ. मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है.

Andheri West Fire: अंधेरी वेस्ट के SRA बिल्डिंग में भीषण आग, जान बचाने के लिए तीसरी-चौथी मंजिल से कूदे लोग; VIDEO वायरल
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: File Image)

Andheri West Fire: मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित एक SRA रिहायशी इमारत में शुक्रवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए इमारत की ऊपरी मंजिलों से छलांग लगानी पड़ी. घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें इमारत से काला धुआं निकलता हुआ और लोग बचने के लिए कूदते हुए दिखाई दे रहे हैं. यह भी पढ़ें: Mumbai Rains Update: क्या 4 जुलाई को मुंबई में स्कूल और कॉलेज रहेंगे बंद? भारी बारिश के बीच सामने आया बड़ा अपडेट

जानकारी के मुताबिक आग अंधेरी वेस्ट के गाडेवी डोंगर स्थित SRA कॉम्प्लेक्स की बिल्डिंग नंबर-2 में लगी. यह इमारत नूर मस्जिद, खोजा जमातखाना और दिल्ली यूनाइटेड सोसाइटी के पास स्थित है. देखते ही देखते आग ने इमारत के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरे भवन में घना धुआं भर गया, जिससे कई निवासी अंदर फंस गए.

तीसरी और चौथी मंजिल से कूदे लोग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दमकल विभाग के पहुंचने से पहले कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए तीसरी और चौथी मंजिल से छलांग लगा दी. घटना के वीडियो में लोगों के बचने की कोशिश और मौके पर मची अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है. बाद में दमकल कर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.

दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू

मुंबई फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. काफी देर तक चली मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. पुलिस और अन्य एजेंसियों की मदद से इमारत को खाली कराया गया और आसपास के इलाके को सुरक्षा के लिहाज से घेर लिया गया.

फिलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं

अब तक इस हादसे में किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, घायल लोगों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से अभी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है. मौके पर मुंबई फायर ब्रिगेड, डीएन नगर पुलिस और अडानी इलेक्ट्रिसिटी की टीमें मौजूद रहीं.

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कितने लोगों ने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगाई और हादसे में कितना नुकसान हुआ. मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2026 07:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).