देश

Samriddhi Mahamarg Accident: महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा, खड़े कंटेनर में घुसी तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत

महाराष्ट्र के अमरावती में समृद्धि महामार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां एक तेज रफ्तार कार के सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकराने से चंद्रपुर के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई

Samriddhi Mahamarg Accident: महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा, खड़े कंटेनर में घुसी तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: IANS)

Samriddhi Mahamarg Accident: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग (Samriddhi Mahamarg) पर रविवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. धामणगांव रेलवे तहसील के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. इस भयावह दुर्घटना में कार में सवार दो पुरुषों, दो महिलाओं और एक 12 वर्षीय बच्ची समेत एक ही परिवार के सभी पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई.

पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था परिवार

पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक चंद्रपुर जिले के रहने वाले थे. यह परिवार मारुति इग्निस कार से किसी निजी पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए अकोला की ओर जा रहा था. मृतकों की पहचान भास्कर जीवने (57 वर्ष), महादेव जीवने (42 वर्ष), आरती जीवने (40 वर्ष), लता जीवने (43 वर्ष) और 12 वर्षीय बच्ची कृष्णा जीवने के रूप में की गई है. इस घटना से चंद्रपुर और अकोला दोनों ही इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है.  यह भी पढ़े:  Samruddhi Mahamarg: समृद्धि महामार्ग पर 22 जगहों पर बनेंगे टॉयलेट, 60 से 65 किलोमीटर पर होंगे शुरू, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

टक्कर इतनी तेज थी कि संभलने का मौका नहीं मिला

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर कार की रफ्तार काफी तेज थी. हाइवे के किनारे खड़े बड़े कंटेनर को कार चालक समय रहते देख नहीं पाया और वाहन सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा धंसा. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालक मदद के लिए दौड़े.

सूचना मिलते ही समृद्धि महामार्ग पुलिस, हाईवे सुरक्षा टीम और आपातकालीन बचाव दल क्रेन व आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे. कार के मलबे को काटकर शवों को बाहर निकाला गया और तुरंत धामणगांव ग्रामीण अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

चालक को झपकी आने की आशंका

हादसे के बाद हाईवे पर काफी समय तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच और परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि लंबी दूरी की ड्राइविंग के दौरान चालक को अचानक झपकी (Highway Hypnosis) आ गई होगी, जिससे वाहन से नियंत्रण खो गया. हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 28, 2026 04:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).