देश

Rajya Sabha Election: अखिलेश के करीबियों ने ही कर दिया खेला, बीजेपी पर बरसे सपा प्रमुख

उत्तर प्रदेश के 10 राज्यसभा सीटों पर हो रहे चुनाव में समाजवादी पार्टी के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है. अब तक मिली सूचना के आधार पर कह सकते हैं कि समाजवादी पार्टी के करीब आधा दर्जन से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है.

Rajya Sabha Election: अखिलेश के करीबियों ने ही कर दिया खेला, बीजेपी पर बरसे सपा प्रमुख
Akhilesh Yadav | Credit- ANI

लखनऊ, 27 फरवरी: उत्तर प्रदेश के 10 राज्यसभा सीटों पर हो रहे चुनाव में समाजवादी पार्टी के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है. अब तक मिली सूचना के आधार पर कह सकते हैं कि समाजवादी पार्टी के करीब आधा दर्जन से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है. सपा के जिन छह विधायकों के नाम बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में वोटिंग करने में आ रहा है वो सभी अखिलेश यादव के करीबी माने जाते हैं. ऐसे में इसे अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों द्वारा ‘क्रॉस वोटिंग’ किये जाने की आशंका के बीच पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि जो लोग इस स्थिति में ‘‘फायदा’’ तलाश रहे हैं, वे छोड़कर चले जाएंगे. उन्होंने सत्तारूढ़ बीजेपी पर चुनाव जीतने के लिए सभी हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया.

अखिलेश यादव ने मंगलवार को दोपहर बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर कहा, ‘‘ हमारी राज्यसभा की तीसरी सीट दरअसल सच्चे साथियों की पहचान करने की परीक्षा है और ये जानने की कि कौन-कौन दिल से पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के साथ है और कौन अंतरात्मा से इनके खिलाफ है. अब सब कुछ साफ है, यही तीसरी सीट की जीत है.’’

इसके पहले मतदान के लिए विधानसभा पहुंचे यादव से जब उनके द्वारा बुलाई गई बैठक में पार्टी विधायकों की अनुपस्थिति के बारे में पत्रकारों ने पूछा तो उन्होंने कहा, ‘‘ जो स्थिति का फायदा तलाश रहे हैं वो छोड़कर चले जाएंगे. जिनसे वादा किया गया होगा वे जाएंगे. ’’

उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जो लोग किसी की राह में कीलें बिछाते हैं या दूसरों के लिए गड्ढा खोदते हैं, वे खुद गिर जाते हैं.’’ यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए सभी हथकंडे अपनाएगी.

सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘ किसी को सुरक्षा की चिंता होगी, किसी को धमकाया गया होगा, किसी को कुछ और कहा गया होगा और जिसके अंदर लड़ने का साहस नहीं होगा वही जाएंगे.’’ यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि बागियों के खिलाफ कार्रवाई होगी.

यादव ने कहा, ‘‘ आप देख चुके हैं कि चंडीगढ़ में सीसीटीवी कैमरों के सामने क्या हुआ? मैं उच्चतम न्यायालय को धन्यवाद देता हूं जिसने संविधान को बचाया. भाजपा चुनाव जीतने के लिए सभी हथकंडे अपना सकती है. उसने कुछ लाभ का आश्वासन (कुछ विधायकों को) दिया होगा...भाजपा जीतने के लिए कुछ भी करेगी.’’

राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान से एक दिन पहले सोमवार को पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा बुलाई गई बैठक में सपा के आठ विधायक शामिल नहीं हुए थे. सपा के एक वरिष्ठ नेता ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि पार्टी प्रमुख ने विधायकों को राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी देने के लिए एक बैठक बुलाई थी.

हालांकि, उत्तर प्रदेश विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक मनोज पांडेय और सात अन्य विधायक- मुकेश वर्मा, महराजी प्रजापति, पूजा पाल, राकेश पांडेय, विनोद चतुर्वेदी, राकेश प्रताप सिंह और अभय सिंह बैठक में शामिल नहीं हुए. सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने ‘पीटीआई-’ से बातचीत में स्वीकार किया था कि आठ विधायक पार्टी प्रमुख द्वारा बुलाए गए रात्रिभोज और बैठक में शामिल नहीं हुए थे. हालांकि, उन्होंने विधायकों का नाम नहीं बताया.

 

 

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 27, 2024 02:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).