देश

2007 अजमेर ब्लास्ट: फरार आरोपी सुरेश नायर 11 साल बाद गुजरात से गिरफ्तार

अजमेर दरगाह में 2007 में हुए बम धमाके के एक आरोपी को एटीएस ने गुजरात के भरूच से रविवार को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी बीते 11 सालों से फरार था. मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आरोपी सुरेश नायर पर दो लाख रूपये के इनाम की घोषणा की थी.

2007 अजमेर ब्लास्ट: फरार आरोपी सुरेश नायर 11 साल बाद गुजरात से गिरफ्तार
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: PTI)

अहमदाबाद: अजमेर दरगाह में 2007 में हुए बम धमाके के एक आरोपी को एटीएस ने गुजरात के भरूच से रविवार को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी बीते 11 सालों से फरार था. मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आरोपी सुरेश नायर पर दो लाख रूपये के इनाम की घोषणा की थी. गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने एक बयान में कहा कि एनआईए के मुताबिक नायर ने कथित तौर पर राजस्थान की इस प्रसिद्ध सूफी दरगाह पर बम रखने वालों को बम की आपूर्ति की थी और वह मौके पर मौजूद भी था.

11 अक्टूबर 2007 में हुए बम धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई थी जबकि 17 अन्य घायल हो गए थे. एटीएस ने कहा कि भरूच से पकड़े जाने के बाद नायर को आगे की जांच के लिये अहमदाबाद ले जाया गया। वह गुजरात के खेड़ा जिले के थसारा का रहने वाला है. यह भी पढ़े: अमृतसर ब्लास्ट: सीएम अमरिंदर सिंह ने कहा- ISI ने रची थी हमले की साजिश, पाकिस्तान को देंगे मुंहतोड़ जवाब

एजेंसी ने बताया, ‘‘गुजरात एटीएस के अधिकारियों को एक पुख्ता सूचना मिली थी कि सुरेश नायर निकट भविष्य में भरूच में शुक्लतीरथ आएगा, जिसके बाद उस जगह कड़ी नजर रखी जाने लगी.’’उसे मौके से पकड़ा गया. इसमें कहा गया कि उसे एनआईए को सौंपा जाएगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 25, 2018 07:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).