अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान उड़ान भरते ही गिरा
अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद गिर गया.
अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद गिर गया. विमान में 242 लोग सवार थे. कई लोगों के मारे जाने की आशंका है.हादसा गुरुवार को दोपहर 1-2 बजे के बीच हुआ. विमान एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद गिर गया उसके बाद आग और काले धुएं की लपटें उठती दिखाई दीं. विमान एयरपोर्ट के पास नागरिक इलाके में गिरा है. जिस इमारत पर यह गिरा वह डॉक्टरों का एक हॉस्टल है. हादसे के बाद वहां तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया.
नागरिक उड्डयन विभाग के महानिदेशक फैज अहमद किदवई ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि विमान उड़ान भरने के पांच मिनट बाद मेगनी नगर के रिहायशी इलाके में गिर गया. विमान में 232 यात्री और 12 क्रू सदस्य सवार थे. एयर इंडिया की एआई 171 फ्लाइट ने लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी. इसे वहां शाम 6.25 बजे उतरना था.
फ्लाइट सवारों में कई देशों के यात्री शामिल
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक सूत्र के हवाले से बताया है कि विमान में सवार 242 लोगों में 217, वयस्क और 11 बच्चे थे. एयर इंडिया के मुताबिक इनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक थे. यात्रियों के जानमाल के नुकसान के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं आई है. अभी यह भी पता नहीं चल सका है कि जिस इमारत पर यह विमान गिरा क्या वहां भी कोई इसकी चपेट में आया है.
एविएशन ट्रैकिंग साइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक हादसे का शिकार हुआ विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था जो सबसे आधुनिक यात्री विमानों में शामिल है. एयर इंडिया ने एक्स पर लिखा है, "फिलहाल हम जानकारी जुटा रहे हैं और जल्दी ही और जानकारी दी जाएगी. घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया है."
कई चैनलों पर चल रही तस्वीरों में मलबे को जलते हुए देखा जा सकता था. इन्हीं तस्वीरों में लोगों को स्ट्रेचर पर रख कर एंबुलेंस की ओर ले जाते भी देखा गया.
अहमदाबाद एरपोर्ट पर एयरट्रैफिक कंट्रोल के मुताबिक विमान ने स्थानीय समय के मुताबिक 1.39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी थी. इसके तुरंत बाद आपातकालीन संकेत देते हुए संपर्क किया गया लेकिन उसके बाद विमान से कोई जवाब नहीं मिला. फ्लाइटरडार 24 का कहना है कि उसे विमान से आखिरी सिग्नल इसके उड़ान भरने के कुछ सेकेंडों बाद मिला था. वेबसाइट का कहना है, "इसमें शामिल विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था जिसका रजिस्ट्रेशन वीटी-एएनबी था."
बोइंग की प्रतिक्रिया
विमान बनाने वाली कंपनी बोइंग का कहना है कि उसे शुरुआती रिपोर्ट मिल गई है और वह ज्यादा जानकारी जुटाने पर काम कर रही है. इस हादसे की खबर आते ही बोइंग के शेयरों की कीमत 6.8 फीसदी गिर गए. बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान एक चौड़ी बॉडी और दो इंजिन वाला विमान है. एविएशन सेफ्टी नेटवर्क डाटाबेस के मुताबिक बोइंग 787 पहली बार दुर्घटना का शिकार हुआ है. बोइंग 787 विमाव 2009 में लॉन्च हुआ था. दुनिया भर की दर्जन भर से ज्यादा एयरलाइनों को 1,000 से ज्यादा विमानों की डिलीवरी दी गई है.
एयर इंडिया के चेयरमैन नटराजन चंद्रसेखरन ने कहा है कि इस वक्त, "हमारा ध्यान सभी प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को सहयोग देने पर है." उन्होंने एक्स पर लिखा है कि एयरलाइन ने एक आपातकालीन केंद्र और सहयोग दल बनाया है जो फ्लाइट में सवार लोगों के परिजनों को जानकारी दे रहे हैं.
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि यह हादसा, "दिल तोड़ने वाला है जिसे शब्दों में नहीं बयान किया जा सकता." एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा है, "इस दुखद घड़ी में मैं उन सब लोगों के साथ हूं जो इस हादसे के पीड़ित हैं." प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि उन्होंने राहत और बचाव के काम में लगे अधिकारियों और मंत्रियों से बात की है.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कियर स्टार्मर ने भी बयान जारी कर कहा है, "लंदन आ रहे विमान में ब्रिटिश नागरिक थे जो भारतीय शहर अहमदाबाद में गिर गया, वहां से आ रही तस्वीरें विनाशकारी हैं."
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 12, 2025 05:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

