लोकसभा चुनाव 2019: AAP ने पंजाब से अपने 5 उम्मीदवारों का किया ऐलान, पार्टी के इस असंतुष्ट नेता ने जताई हैरानी
आम आदमी पार्टी ने 2019 में होने जा रहे लोकसभा चुनावों के लिए पंजाब में पांच उम्मीदवारों के नामों की मंगलवार को घोषणा की. हालांकि पार्टी के असंतुष्ट नेता सुखपाल सिंह खैरा ने इस फैसले पर हैरानी व्यक्त करते हुए दावा किया कि आप पंजाब में पूरी तरह दुर्घटना की तरफ बढ़ रही है.
चंडीगढ़: आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी बिगुल बज गया है. इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी ने साल 2019 में होने जा रहे लोकसभा चुनावों के लिए पंजाब में पांच उम्मीदवारों के नामों की मंगलवार को घोषणा की. बता दें कि पार्टी की कोर समिति के अध्यक्ष बुध राम ने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. इस मौके पर उनके साथ पार्टी की प्रदेश इकाई की मुख्य प्रवक्ता बलजिंदर कौर भी मौजूद रहीं. हालांकि पार्टी के असंतुष्ट नेता सुखपाल सिंह खैरा ने इस फैसले पर हैरानी जताते हुए दावा किया है कि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब में पूरी तरह दुर्घटना की तरफ बढ़ रही है.
खबरों की मानें तो आप के इस फैसले से बागी गुट के साथ चल रही शांति वार्ता पर विपरीत असर पड़ने की आशंका है. वहीं पार्टी के आठ असंतुष्ट विधायकों के गुट का नेतृत्व कर रहे खैरा ने पार्टी के इस फैसले पर हैरानी जताई है.
उन्होंने दावा किया है कि जिस तरह से पार्टी में एक पक्षीय फैसले लिए जा रहे हैं, उससे पंजाब में आप पूरी तरह दुर्घटना की तरफ बढ़ रही है और इस तरह से पार्टी हाशिये पर चली जाएगी. किसी भी सीट पर स्टार उम्मीदवारों के लिए भी जमानत बचाना मुश्किल होने जा रहा है.
इसके साथ ही खैरा ने आरोप लगाया कि हम इस घोषणा को लेकर हैरान हैं और उन्होंने एकजुटता की सारी बातों को पीछे छोड़ दिया, उन्होंने दंभ भरा व्यवहार किया है. यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का PM मोदी पर हमला: कहा-'पहले नारा था 'अच्छे दिन आएंगे', अब नारा है 'चौकीदार चोर है
उधर राम बधु ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा सांसद भगवंत मान और साधू सिंह अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र संगरूर और फरीदकोट से चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने बताया कि पंजाब में पार्टी के चर्चित चेहरे मान और साधू सिंह ने 2014 के लोकसभा चुनावों में अपनी-अपनी सीटें क्रमश: 2.11 लाख और 1.72 लाख मतों के भारी अंतर से जीती थीं.
शाम चौरासी सीट से 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके रवजोत सिंह होशियारपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे. पार्टी के माझा जोन के प्रभारी कुलदीप सिंह धालीवाल अमृतसर सीट से चुनाव लड़ेंगे और 2017 में मोहाली से पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने वाले नरिंदर सिंह शेरगिल को आनंदपुर साहिब सीट से टिकट दिया गया है.
राम ने बताया कि बाकी आठ सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा बाद में की जाएगी. बता दें कि आप ने 2014 के लोकसभा चुनाव में कुल 13 में से चार सीटें जीती थीं. मीडिया से बात करते हुए आम विधायक और मुख्य प्रवक्ता बलजिंदर कौर ने कहा कि पार्टी उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार ‘अरविंद केजरीवाल मॉडल’ पर आधारित होगा जो दिल्ली में सफल रहा.
इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि दिल्ली सरकार का एक साल से ज्यादा का कार्यकाल अभी बचा है और अपने कार्यकाल के दौरान आप सरकार ने अपने सभी चुनावी वादों को पूरा किया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 30, 2018 06:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

