Uttarakhand: नाबालिग प्रेमिका से शादी करने की जिद, झील पर बने पुल पर चढ़ा युवक, कई घंटों तक अटकी रहीं लोगों की सांसें

अपनी नाबालिग प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ में एक 20 वर्षीय युवक शुक्रवार सुबह टिहरी बांध की झील पर बने मेहराबदार पुल (आर्क ब्रिज) पर चढ़ गया जिससे कई घंटों तक उसके माता-पिता के साथ ही पुलिस की सांसें अटकी रहीं.

Love (Photo Credit: IANS)

उत्तरकाशी, 27 अक्टूबर: अपनी नाबालिग प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ में एक 20 वर्षीय युवक शुक्रवार सुबह टिहरी बांध की झील पर बने मेहराबदार पुल (आर्क ब्रिज) पर चढ़ गया जिससे कई घंटों तक उसके माता-पिता के साथ ही पुलिस की सांसें अटकी रहीं. हालांकि, काफी समझाने के बाद अदनी गांव का रहने वाला शैलेश नीचे आया जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली. उसके नीचे आने के बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

धरासू के पुलिस थानाध्यक्ष प्रमोद उनियाल ने बताया कि शैलेश के ‘आर्क ब्रिज’ पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और उसे उतारने के प्रयास शुरू किए. उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति के शैलेश का सामान्य जाति की किसी नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग था जिसके लिए लड़की के माता-पिता सहमत नहीं थे. पुल पर चढ़े शैलेश ने पुलिस से लड़की को मौके पर बुलाने और उससे शादी कराने के लिए कहा, और ऐसा न होने पर पुल से झील में कूदकर जान देने की धमकी दी.

उनियाल ने बताया कि उन्होंने फोन पर शैलेश से बात की और उसे समझाया कि लड़की के माता-पिता को बुलाकर उसकी शादी कराने का प्रयास किया जाएगा. इस आश्वासन पर शैलेश करीब तीन घंटे बाद नीचे आया. उसके नीचे आने पर पुलिस ने युवक के खिलाफ दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 151 के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया. शाम को शैलेश को उपजिलाधिकारी डुंडा की अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\