बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या पहुंची 96, राज्य में अब तक 11,401 नमूनों की हुई हैं जांच
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है. मुंगेर में तीन और नए मामले सामने आने के बाद राज्य में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 96 हो गई है. वहीं 490 नमूनों की रिपोर्ट आना बाकी है.
पटना, 20 अप्रैल: बिहार में कोरोना वायरस (Corona Virus) संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है. मुंगेर में तीन और नए मामले सामने आने के बाद राज्य में कोविड-19 (Covid-19) से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 96 हो गई है. स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार (Sanjay Kumar) ने बताया कि रविवार की शाम मुंगेर के जमालपुर के रहने वाले तीन लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिससे राज्य में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 96 हो गई है.
उन्होंने कहा कि ये सभी पुरूष हैं, जिनकी उम्र 30, 36 और 52 साल है. इन सभी के कोरोनावायरस संक्रमित के संपर्क में रहने की बात कही जा रही है. गौरतलब है कि पटना एम्स में कोरोना वायरस से संक्रमित मुंगेर जिले के निवासी एक मरीज की मार्च महीने में और वैशाली जिले के निवासी एक मरीज की शुक्रवार को मौत हो गई थी.
यह भी पढ़ें: ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण के सात नए मामले, कुल मामले 68 हुए
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण से प्रभावित 14 जिलों में सबसे अधिक 29 मामले सीवान में, मुंगेर में 20, पटना में सात, गया में पांच, बेगूसराय में नौ, गोपालगंज से तीन, नालंदा से 11, बक्सर से चार एवं नवादा से तीन तथा भोजपुर, सारण, लखीसराय, वैशाली एवं भागलपुर में एक-एक मामला सामने आया है.
बिहार में अब तक 11,401 नमूनों की जांच की जा चुकी है. जिसमें 96 पॉजिटिव पाए गए और इनमें से 42 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं. वहीं 490 नमूनों की रिपोर्ट आना बाकी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 20, 2020 12:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

