8th Pay Commission Calculator: 8वें वेतन आयोग में वरिष्ठ केंद्रीय कर्मचारियों को मिल सकते हैं 93 लाख रुपये तक के एरियर, जानें पूरा गणित
8वें वेतन आयोग को नवंबर 2025 से 18 महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का समय दिया गया है. रिपोर्ट जमा होने के बाद केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा इसकी समीक्षा और मंजूरी की प्रक्रिया में तीन से छह महीने का अतिरिक्त समय लग सकता है.
8th Pay Commission Calculator: 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर देशभर के केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बीच उत्सुकता बढ़ती जा रही है. इस बीच सामने आए अनुमान बताते हैं कि शीर्ष स्तर के केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को 93 लाख रुपये तक का एरियर मिल सकता है. वेतन आयोग फिलहाल कर्मचारी संगठनों और पेंशनभोगी समूहों के साथ लगातार बैठकें कर रहा है. आयोग की अगली महत्वपूर्ण बैठक 22 और 23 जून को लखनऊ में आयोजित होने वाली है.
8वें वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत सबसे अधिक लाभ लेवल-15 से लेवल-18 के अधिकारियों को मिलने की संभावना जताई जा रही है. इस श्रेणी में अतिरिक्त सचिव, राज्य के मुख्य सचिव, महानिदेशक और भारत के कैबिनेट सचिव जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं. इन अधिकारियों के पास आमतौर पर 30 से 35 वर्षों का सेवा अनुभव होता है.
वरिष्ठ अधिकारियों को मिल सकता है बड़ा फायदा
विशेषज्ञों के अनुसार 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने में कुछ समय लग सकता है. माना जा रहा है कि आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी, जबकि वास्तविक लागू होने की संभावित तारीख अगस्त 2027 के आसपास हो सकती है. इस स्थिति में करीब 20 महीने का एरियर बन सकता है.
इसी अवधि के आधार पर तैयार किए गए विभिन्न गणना मॉडल बताते हैं कि वरिष्ठ अधिकारियों को 36.44 लाख रुपये से लेकर 93 लाख रुपये तक का एरियर मिल सकता है. हालांकि अंतिम राशि सरकार द्वारा तय किए जाने वाले फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करेगी.
क्या होता है फिटमेंट फैक्टर?
फिटमेंट फैक्टर वह गुणक (Multiplier) होता है, जिसके आधार पर 7वें वेतन आयोग के तहत मिलने वाले वर्तमान मूल वेतन (Basic Pay) को बढ़ाकर नया वेतन निर्धारित किया जाता है. यही फैक्टर एरियर और वेतन वृद्धि की मात्रा तय करने में सबसे अहम भूमिका निभाता है.
यदि 2.0 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो लेवल-15 के अधिकारी का मूल वेतन 1,82,200 रुपये से बढ़कर 3,64,400 रुपये हो जाएगा. ऐसे में 20 महीने का संभावित एरियर करीब 36.44 लाख रुपये बन सकता है. वहीं लेवल-18 यानी कैबिनेट सचिव स्तर के अधिकारी को लगभग 50 लाख रुपये तक का एरियर मिल सकता है.
2.28 फिटमेंट फैक्टर पर कितना मिलेगा फायदा?
अगर आयोग 2.28 का फिटमेंट फैक्टर लागू करने की सिफारिश करता है, तो लेवल-15 के अधिकारियों का संभावित एरियर बढ़कर करीब 46.64 लाख रुपये हो सकता है. वहीं लेवल-18 के अधिकारियों को लगभग 64 लाख रुपये तक का एरियर मिलने का अनुमान है.
93 लाख रुपये तक पहुंच सकता है एरियर
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि 2.57 या 2.86 जैसे उच्च फिटमेंट फैक्टर को मंजूरी मिलती है, तो सबसे वरिष्ठ अधिकारियों का एरियर 93 लाख रुपये तक पहुंच सकता है. हालांकि यह केवल अनुमानित गणनाएं हैं और अंतिम फैसला केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा.
कब लागू हो सकता है 8वां वेतन आयोग?
8वें वेतन आयोग को नवंबर 2025 से 18 महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का समय दिया गया है. रिपोर्ट जमा होने के बाद केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा इसकी समीक्षा और मंजूरी की प्रक्रिया में तीन से छह महीने का अतिरिक्त समय लग सकता है.
फिलहाल कर्मचारी संगठनों और विशेषज्ञों का कहना है कि ये सभी आंकड़े संभावित अनुमान हैं. वास्तविक वेतन वृद्धि और एरियर की राशि आयोग की अंतिम सिफारिशों और केंद्र सरकार के निर्णय पर निर्भर करेगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 21, 2026 09:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

