3 Deaths By Heart Attack in UP: अमरोहा में हार्ट अटैक से 3 मौतें! पहले भतीजी ने तोड़ा दम, फिर सदमे में बुआ की चली गई जान, बग्गी चलाने वाले की भी थम गई सांस
अमरोहा में एक ही परिवार में दिल का दौरा पड़ने से दो लोगों की मौत हो गई. वहीं बरात चढ़त के दौरान डीजे की धमक से दूल्हे के बग्गी के चालक की भी हार्टअटैक से मौत हो गई.
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक ह्रदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक ही परिवार में दिल का दौरा पड़ने से दो लोगों की मौत हो गई. शादी से पहले दुल्हन की अचानक मौत हो गई और इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाने के कारण उसकी बुआ को भी दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी भी जान चली गई.
मामला अमरोहा के बड़ी बेगम सराय इलाके का है. यहां रहने वाले यासीन की 20 वर्षीय बेटी फरहीन की शादी तय हुई थी. शादी लगभग एक महीने बाद होने वाली थी और रिश्ते दिल्ली में तय हुआ था. दोनों की सगाई हो चुकी थी और घर में शादी की तैयारियों का माहौल था. गुरुवार को फरहीन घर में काम कर रही थी, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. उसे सीने में दर्द हुआ और वह बेहोश हो गई.
UP के जिला अमरोहा में हार्टअटैक से 3 मौतें -
शादी से पहले ही दुल्हन की मौत हो गई। शव के सुपुर्द-ए-खाक होने से पहले ही गम में बुआ ने दम तोड़ दिया। दूसरी जगह, बारात की चढ़त हो रही थी। बग्गी चलाने वाले के सीने में अचानक दर्द हुआ, उसकी मौत हो गई।
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) May 11, 2024
परिवार वाले फौरन फरहीन को अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बेटी की अचानक मौत से परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा. उसकी 55 वर्षीय बुआ भी इस दुःख को बर्दाश्त नहीं कर पाईं और उन्हें भी हार्ट अटैक आ गया. परिवार वाले फूल बी को भी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां पहुँचते ही उनकी भी मौत हो गई. डॉक्टरों ने बताया कि फूल बी की मौत भी हार्ट अटैक से हुई है. एक ही परिवार में दिल का दौरा पड़ने से दो लोगों की मौत ने पूरे इलाके में मातम का माहौल बना दिया है.
हार्ट अटैक से तीसरी मौत
बरात चढ़त के दौरान डीजे की धमक से दूल्हे के बग्गी के चालक की हार्टअटैक से मौत हो गई. बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है. रहरा थाना क्षेत्र के पतेई खादर गांव में 48 वर्षीय विजयघोड़ा बग्गी चलाता था. शुक्रवार की दोपहर को बरात चढ़त के दौरान डीजे बज रहा था. इस दौरान बग्गी पर दूल्हा बैठा हुआ था. विजय घोड़े के रस्से पकड़ कर वहीं खड़ा था. अचानक विजय के सीने में तेज दर्द हुआ और सांस लेने में कठिनाई होने लगी. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2024 10:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

