देश

बिहार में छेड़खानी का विरोध करने पर एक ही परिवार के 13 लोगों पर फेंका गया तेजाब, छानबीन में जुटी पुलिस

बिहार के दाऊदपुर गांव में कथित छेड़खानी का विरोध करने वाले एक ही परिवार के 13 सदस्यों पर बुधवार को तेजाब फेंक दिया गया. पुलिस के अनुसार गांव के रहने वाले नंद किशोर भगत के परिवार के सदस्यों का कुछ लोगों से विवाद हो गया और विवाद मारपीट तक पहुंच गई. दूसरे पक्ष के लोग गुस्से में घर में घुसे और परिवार के सदस्यों पर तेजाब फेंक दिया.

बिहार में छेड़खानी का विरोध करने पर एक ही परिवार के 13 लोगों पर फेंका गया तेजाब, छानबीन में जुटी पुलिस
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: PTI)

हाजीपुर : बिहार (Bihar) के वैशाली जिले के दाऊदपुर गांव में कथित छेड़खानी का विरोध करने वाले एक ही परिवार के 13 सदस्यों पर बुधवार को तेजाब (एसिड) फेंक दिया गया, जिसमें दो महिला समेत सभी लोग गंभीर रूप से झुलस गए. वैशाली के पुलिस उपाधीक्षक राघव दयाल ने यहां बताया कि मंगलवार को किसी बात को लेकर वैशाली थाना के दाऊदपुर गांव के रहने वाले नंद किशोर भगत के परिवार के सदस्यों का कुछ लोगों से विवाद हो गया और विवाद मारपीट तक पहुंच गई. हालांकि दोनों पक्षों में मारपीट के बाद मामला शांत भी हो गया.

बुधवार को दूसरे पक्ष के लोग गुस्से में घर में घुसे और परिवार के सदस्यों पर तेजाब फेंक दिया. इस घटना में दो महिला समेत एक ही परिवार के 13 सदस्य घायल हो गए हैं. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. पीड़ितों का आरोप है कि छेड़खानी का विरोध करने पर उनके घर के सदस्यों के ऊपर तेजाब फेंका गया है. वहीं मुख्य आरोपियों में बालेश्वर शर्मा के परिवार के दो सदस्य शामिल हैं.

यह भी पढ़ें : पश्चिम बंगाल : अश्लील प्रस्ताव ठुकराने पर व्यक्ति ने भतीजी पर फेंका तेजाब, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि घायलों को हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 28, 2019 01:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).