बॉलीवुड

विश्व हिंदी दिवस: कंगना रनौत ने कहा, फिल्मी दुनिया ने मेरी अंग्रेजी का उड़ाया मजाक

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा कि फिल्मी दुनिया ने उनकी अंग्रेजी का हमेशा मजाक बनाया है, जिसकी वजह से उन्होंने हिंदी भाषा को प्रमुखता दी. कंगना की बहन रंगोली ने ट्विटर पर विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अभिनेत्री की एक क्लिप साझा की.

विश्व हिंदी दिवस: कंगना रनौत ने कहा, फिल्मी दुनिया ने मेरी अंग्रेजी का उड़ाया मजाक
कंगना रनौत (Photo Credits: Instagram)

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने कहा कि फिल्मी दुनिया ने उनकी अंग्रेजी का हमेशा मजाक बनाया है, जिसकी वजह से उन्होंने हिंदी भाषा को प्रमुखता दी. कंगना की बहन रंगोली ने ट्विटर पर विश्व हिंदी दिवस (World Hindi Day) के अवसर पर शुक्रवार को अभिनेत्री की एक क्लिप साझा की. वीडियो में अभिनेत्री सभी से हिंदी को महत्व देने के लिए कह रही हैं.

अभिनेत्री कह रही हैं, "आज हिंदी दिवस के अवसर पर अंग्रेजी से लेते हैं 'पंगा', मगर प्यार से. हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है, लेकिन राष्ट्र बोलने से कतराता है. जुबान से ए, बी, सी, डी, जिस विश्वास से फूटती है, क, ख, ग.. उस आत्मविश्वास से क्यों नहीं निकलता..मां-बाप भी चौड़े होकर बताते हैं, जब बच्चे फर्राटेदार अंग्रेजी बोलते हैं."

अभिनेत्री आगे कह रही हैं, "अंग्रेजी में पैदल हो तो शर्म आ जाती है, लेकिन हिंदी में हाथ तंग हो तो माथे पर सिकन भी नहीं आती. भाषा कभी सोशल सर्कल का पासवर्ड बन जाती है, तो कभी हमारे प्रतिभा का सर्टिफिकेट."

ये भी पढ़ें: JNU विवाद पर कंगना रनौत का बड़ा बयान, कहा- ये राजनीतिक मुद्दा नहीं, गुंडो को गिरफ्तार करके 4-4 झापड़ दें

कंगना आगे कह रही हैं, "फिल्मी दुनिया ने हमेशा ही मेरी अंग्रेजी का मजाक उड़ाया, मेरी आलोचना की, मगर उन्हीं के बीच रह कर मैंने हिंदी भाषा को सर्वोपरि रखा, जिसके कारण मुझे मेरे काम में एक नया मुकाम मिला और भारी रूप से सफलता मिली. मैं हर मां से विनती करती हूं कि जैसे वो देशी घी के लड्डू बच्चों को प्यार से खिलाती है, उसी तरह से हिंदी भाषा की भी ऐसी घुट्टी पिलाएं, क्योंकि जो स्वाद देशी पराठा में है, वह पिज्जा और बर्गर में नहीं होता और जो अपनापन मां शब्द में है, वो मॉम में नहीं होता. दिन है 10 जनवरी, हिंदी दिवस, इस बार हिंदी को भी दें, बराबरी का मौका."

अश्विनी अय्यर तिवारी (Ashwiny Iyer Tiwari) द्वारा निर्देशित 'पंगा' (Panga) फिल्म की कहानी एक कबड्डी खिलाड़ी की है, जो एक बेटे की मां भी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 10, 2020 09:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).