पूर्व वीएचपी नेता प्रवीण तोगड़िया के सहयोगी का एलान, सलमान खान को पीटने पर मिलेगा 2 लाख रुपए का इनाम
'हिंदू ही आगे' नामक संगठन के आगरा इकाई प्रमुख गोविंद पाराशर ने गुरुवार को सलमान खान को लेकर एक ऐसा एलान किया जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे. गोविंद पाराशर ने सलमान खान को पीटने पर 2 लाख रुपए के इनाम का एलान कर दिया है
'हिंदू ही आगे' नामक संगठन के आगरा इकाई प्रमुख गोविंद पाराशर ने गुरुवार को सलमान खान को लेकर एक ऐसा एलान किया जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे. 'हिन्दू ही आगे' पूर्व वीएचपी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया का नया संगठन है. गोविंद पाराशर ने सलमान खान को पीटने पर 2 लाख रुपए के इनाम का एलान कर दिया है. जो भी व्यक्ति सलमान खान को सार्वजनिक रूप से पीटेगा, वह उसे 2 लाख रुपए देंगे. उनके मुताबिक सलमान ने हिन्दुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाया है. सलमान खान एक फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं जिसका नाम 'लवरात्रि' है. इस फिल्म के द्वारा वह अपनी बहन अर्पिता खान के पति आयुष शर्मा को लॉन्च करने जा रहे हैं. पाराशर का कहना है कि इस फिल्म को जानबूझकर नवरात्री के दौरान रिलीज किया जा रहा है.
पाराशर ने गुरुवार को आगरा में अपने संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ सलमान खान के विरोध में प्रदर्शन किया. उन्होंने सलमान खान की फिल्मों के पोस्टर्स जलाए और फिल्म 'लवरात्रि' के खिलाफ नारे भी लगाए. पाराशर का कहना है कि , "नवरात्री के त्यौहार के साथ हिन्दुओं की भावनाएं जुड़ी हुई है. हम इस फिल्म पर बैन लगाने की मांग करते हैं और अगर यह फिल्म रिलीज होती है तो हम इसका पूरी तरह विरोध करेंगे." साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो सिनेमाघर इस फिल्म को दिखाने का साहस करेंगे, वे उन सिनेमाघरों को जला देंगे.
आपको बता दें कि यह फिल्म इस साल अक्टूबर में रिलीज होने वाली है. इस फिल्म में आयुष शर्मा के अलावा वरीना हुसैन और राम कपूर जैसे सितारें भी अहम भूमिका में हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2018 01:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

