यौन उत्पीड़न मामला: नाना पाटेकर के खिलाफ दर्ज शिकायत की मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच
नाना पाटेकर के खिलाफ लगा है यौन उत्पीड़न का आरोप, अब पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल
मुंबई पुलिस ने बोल्य्वूद अभिनेत्री द्वारा नाना पाटेकर के खिलाफ दर्ज कराई गई प्राथमिकी के संबध में अपनी जांच शुरू कर दी है. उस महिला ने नाना के खिलाफ 2008 में एक फिल्म के सेट पर उनका यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है. बुधवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 353 और 503 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
अभिनेत्री के वकील नितिन सत्पुते ने आईएएनएस से कहा, "हमने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है- नाना पाटेकर, कोरियोग्राफर गणेश आचार्य, फिल्म निर्माता समी सिद्दीकी और निर्देशक राकेश सारंग. अब, पुलिस मामले की जांच कर रही है. इन लोगों को पुलिस के सामने उपस्थित होना है और यदि ऐसा नहीं होता है तो उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा."
अभिनेत्री की सुरक्षा को लेकर पूछे गए प्रश्न पर सत्पुते ने कहा, "शिकायतकर्ता को पुलिस सुरक्षा प्रदान कर रही है. जिस इमारत में उनका निवास है, वहां भी सुरक्षा प्रदान की गई है."
इस महिला ने पहली बार 2008 में नाना के कथित दुर्व्यवहार के बारे में बात की थी. दो हफ्ते पहले, उन्होंने यौन उत्पीड़न के खिलाफ वैश्विक मुहिम हैशटैगमीटू के तहत अपना अनुभव साझा किया.
उन्होंने कहा कि यहां फिल्मस्तान स्टूडियो में फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' के एक नृत्य की शूटिंग के दौरान अभिनेता ने उनका यौन उत्पीड़न किया था.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 11, 2018 07:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

