Friday OTT Releases: हर हफ्ते की तरह इस शुक्रवार भी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर कई नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होने जा रही हैं. अगर आप थिएटर जाने के बजाय घर बैठे इस वीकेंड कुछ नया और मनोरंजक देखने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके पास कई शानदार विकल्प मौजूद हैं. इस हफ्ते एक्शन, ड्रामा, थ्रिलर, हॉरर और इमोशनल कहानियों से लेकर कॉमेडी तक, अलग-अलग जॉनर का कंटेंट ओटीटी पर दस्तक देने वाला है. तो चलिए जानते हैं कि 14 अगस्त 2026 को कौन-कौन सी फिल्में और सीरीज रिलीज हो रही हैं और उन्हें किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं. Kangana Ranaut And Hrithik Roshan Row: सोशल मीडिया ट्रेंड पर कंगना रनौत का पलटवार, बोलीं- 'सबा आजाद के साथ रिश्ते में हैं, ऐसी हरकत शोभा नहीं देती'
भारत भाग्य विधाता (Bharat Bhhagya Viddhaata)
भारत भाग्य विधाता में कंगना रनौत मुख्य भूमिका में नजर आई हैं. फिल्म इस साल 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है.
26/11 मुंबई आतंकी हमले की पृष्ठभूमि पर बनी इस मेडिकल ड्रामा फिल्म में अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ के साहस को दिखाया गया है. कहानी बताती है कि मुश्किल हालात के बीच मेडिकल स्टाफ ने किस तरह लोगों की जान बचाने के लिए संघर्ष किया. यह फिल्म 14 अगस्त 2026 से ZEE5 पर स्ट्रीम होगी.
कॉकटेल 2 (Cocktail 2)
शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘कॉकटेल 2’ भी इस शुक्रवार ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है. फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है और यह 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. अगर आप इस वीकेंड हल्की-फुल्की और मनोरंजक फिल्म देखने की तलाश में हैं तो ‘कॉकटेल 2’ को अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं. फिल्म 14 अगस्त 2026 से Netflix पर स्ट्रीम होगी.
डोंट से गुडलक (Don't Say Good Luck)
टीनेज ड्रामा सीरीज ‘Don't Say Good Luck’ भी इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज हो रही है. कहानी 15 साल की सोफी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे स्कूल के म्यूजिकल ड्रामा में लीड रोल निभाने का मौका मिलता है.
सोफी के लिए यह उसके जीवन का बड़ा मौका होता है, लेकिन उसकी खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिकती. उसे पता चलता है कि उसकी मां का कैंसर वापस आ गया है. इसके बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है. यह सीरीज 14 अगस्त 2026 से Netflix पर देखी जा सकती है.
आखिरी सवाल (Aakhri Sawal)
संजय दत्त स्टारर फिल्म ‘आखिरी सवाल’ भी अब ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है. यह फिल्म राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई गई है. फिल्म इसी साल मई में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म में संजय दत्त के अलावा नमाशी चक्रवर्ती भी अहम भूमिका में नजर आते हैं. ‘आखिरी सवाल’ को 14 अगस्त 2026 से Lionsgate Play पर स्ट्रीम किया जा सकेगा.
उमथेथो (Umthetho)
अगर आपको क्राइम-थ्रिलर सीरीज पसंद हैं तो ‘Umthetho’ आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकती है. यह साउथ अफ्रीकन क्राइम-थ्रिलर सीरीज है, जो 14 अगस्त 2026 से Netflix पर रिलीज होगी.
कहानी मबाली डलामिनी नाम की एक तेज-तर्रार सरकारी वकील के इर्द-गिर्द घूमती है. उसकी जिंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल जाती है, जब उसे पता चलता है कि उसका भाई अभी जिंदा है. इससे भी बड़ा झटका उसे तब लगता है जब पता चलता है कि उसका भाई एक हिंसक जेल गिरोह चला रहा है.
इसके बाद मबाली इस पूरे मामले को अपने हाथों में लेने का फैसला करती है. यह सीरीज ब्राजीलियन शो ‘Brotherhood’ का साउथ अफ्रीकन अडैप्टेशन है. इसके पहले सीजन में कुल 8 एपिसोड होंगे.
अरूपी (Aroopi)
अगर आप वीकेंड पर हॉरर-थ्रिलर फिल्म देखना चाहते हैं तो मलयालम फिल्म ‘अरूपी’ (Aroopi) को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. यह फिल्म 14 अगस्त 2026 से Prime Video पर स्ट्रीम होगी. फिल्म को हिंदी, मलयालम और तमिल भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा.
इस शुक्रवार OTT पर क्या-क्या देखें?
| फिल्म/सीरीज |
रिलीज डेट |
OTT प्लेटफॉर्म |
जॉनर |
| भारत भाग्य विधाता |
14 अगस्त 2026 |
ZEE5 |
मेडिकल ड्रामा |
| कॉकटेल 2 |
14 अगस्त 2026 |
Netflix |
कॉमेडी/ड्रामा |
| Don't Say Good Luck |
14 अगस्त 2026 |
Netflix |
टीनेज ड्रामा |
| आखिरी सवाल |
14 अगस्त 2026 |
Lionsgate Play |
ड्रामा |
| Umthetho |
14 अगस्त 2026 |
Netflix |
क्राइम-थ्रिलर |
| Aroopi |
14 अगस्त 2026 |
Prime Video |
हॉरर-थ्रिलर |
अगर आप इस वीकेंड घर बैठे अलग-अलग जॉनर का कंटेंट देखना चाहते हैं तो 14 अगस्त का OTT रिलीज लाइनअप काफी दिलचस्प रहने वाला है. कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’, शाहिद कपूर की ‘कॉकटेल 2’, ‘Don't Say Good Luck’ और ‘Umthetho’ जैसी फिल्मों और सीरीज के साथ दर्शकों के पास मनोरंजन के कई विकल्प होंगे.