Birthday Special: अपने जन्मदिन पर शाहरुख फैंस को देंगे एक खास 'रिटर्न गिफ्ट', जिसे देख सबका दिल हो जाएगा खुश
अपने जन्मदिन पर शाहरुख खान फैन्स को एक बहुत ही खास गिफ्ट दे सकते हैं.
इस साल अपने जन्मदिन पर शाहरुख खान फैन्स को एक बहुत ही खास गिफ्ट दे सकते हैं. उनकी फिल्म 'जीरो' का ट्रेलर उनके जन्मदिन पर रिलीज किया जा सकता है. शाहरुख का जन्मदिन 2 नवंबर को होता है. एक न्यूज पोर्टल ने जब फिल्म 'मनमर्जियां' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान आनंद एल राय से पूछा था कि जीरो का ट्रेलर कब रिलीज किया जाएगा तो इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वे खान साहब के जन्मदिन के अवसर पर इस फिल्म के ट्रेलर को रिलीज करेंगे. फैन्स इस फिल्म के ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अपने प्लान के मुताबिक, आज फिल्म का ट्रेलर दोपहर में रिलीज कर दिया जाएगा.
इससे पहले साल की शुरुआत में फिल्म 'जीरो' का एक टीज़र भी रिलीज किया गया था. फैन्स को शाहरुख का बौने वाला अवतार काफी पसंद आया था. इसके बाद ईद के मौके पर इस फिल्म का एक और प्रोमो जारी किया गया. इस बार शाहरुख के साथ सलमान खान भी नजर आए. इस फिल्म में सलमान खान का एक कैमियो होगा. कैटरीना कैफ के जन्मदिन पर इस फिल्म से उनका फर्स्ट लुक जारी किया गया था.
आपको बता दें कि फिल्म 'जीरो' में शाहरुख और कैटरीना के अलावा अनुष्का शर्मा और आर.माधवन भी अहम भूमिका में नजर आएंगे. आनंद एल राय ने इस फिल्म का निर्देशन किया है और यह फिल्म 21 दिसंबर, 2018 को रिलीज होगी. इस फिल्म का क्लैश 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' नामक एक फिल्म से होगा. 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' में अनुपम खेर भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 02, 2018 12:03 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

