Shreya Ghoshal Cancels Surat Concert: पहलगाम आतंकी हमले के बाद श्रेया घोषाल ने रद्द किया सूरत कॉन्सर्ट, टिकट धारकों को मिलेगा पूरा रिफंड
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सिंगर श्रेया घोषाल ने सूरत में होने वाला अपना आगामी कॉन्सर्ट रद्द कर दिया है. यह शो 26 अप्रैल, शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाला था.
Shreya Ghoshal Cancels Surat Concert: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सिंगर श्रेया घोषाल ने सूरत में होने वाला अपना आगामी कॉन्सर्ट रद्द कर दिया है. यह शो 26 अप्रैल, शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाला था. श्रेया के 'ऑल हार्ट्स टूर' का यह हिस्सा था. आयोजकों और श्रेया घोषाल ने इंस्टाग्राम पर एक साझा बयान जारी कर इसकी जानकारी दी. बयान में लिखा गया, "हाल ही में हुई दुखद घटनाओं को देखते हुए, आयोजकों और आर्टिस्ट ने मिलकर यह निर्णय लिया है कि इस शनिवार, 26 अप्रैल को सूरत में होने वाला शो रद्द किया जा रहा है. सभी टिकट धारकों को पूरा रिफंड मिलेगा और वह रिफंड स्वचालित रूप से आपके मूल भुगतान माध्यम पर वापस भेज दिया जाएगा. आपके सहयोग और समझदारी के लिए धन्यवाद."
इस पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा गया, "@shreyaghoshal का 26 अप्रैल को सूरत में होने वाला शो रद्द कर दिया गया है. हम खामोशी और एकजुटता के साथ उन सभी के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं जो इस त्रासदी से प्रभावित हुए हैं. #ShreyaGhoshalLive #ShreyaGhoshal #TarishLive #DistrictUpdates #tarishentertainment"
श्रेया घोषाल का सूरत कॉन्सर्ट रद्द:
View this post on Instagram
पहलगाम हमले के बाद श्रेया घोषाल ने एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा था, "मैं पाहलगाम के बारे में सोचते नहीं थक रही. उस खामोशी के बारे में जो हंगामे के बाद छा गई होगी. उन परिवारों के बारे में जिनकी दुनिया अब पहले जैसी नहीं रहेगी. एक सुंदर, शांत जगह पर हुई इस हिंसा ने हमारे देश की आत्मा को घायल किया है. हम हर उस परिवार के साथ शोक मनाते हैं जो इस नासमझी का शिकार बने."
इससे पहले सिंगर अरिजीत सिंह ने भी 27 अप्रैल को चेन्नई में होने वाला अपना शो रद्द कर दिया था. उन्होंने आयोजकों के बयान को शेयर करते हुए लिखा कि यह निर्णय हाल ही में हुई त्रासदी के कारण लिया गया है. आयोजकों ने टिकट धारकों को आश्वासन दिया कि उन्हें भी पूरा रिफंड मिलेगा.
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसारन घास के मैदान में हुए आतंकी हमले में 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली नागरिक की जान चली गई थी, जबकि कई लोग घायल हो गए थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 26, 2025 09:16 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

