'Party Animals' Trailer Out: यूडली फ़िल्म्स की कॉमेडी फिल्म 'पार्टी एनिमल्स' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज़, 20 नवंबर को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
सारेगामा इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सिद्धार्थ आनंद कुमार ने कहा कि इस फिल्म के जरिए उनकी कोशिश ऐसी कॉमेडी बनाने की थी, जो खुद को बहुत गंभीरता से न ले और अपने पागलपन को खुलकर अपनाए.
Party Animals Trailer: यूडली फ़िल्म्स ने अपनी आगामी कॉमेडी फिल्म 'पार्टी एनिमल्स' का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया है. ट्रेलर में पागलपन, मस्ती, अतरंगी हरकतें और बिंदास हास्य का जबरदस्त तड़का देखने को मिलता है. विराज गेहलानी और अर्जुन तंवर स्टारर यह फिल्म दोस्तों की मस्ती, गलत फैसलों और उनसे पैदा होने वाली मज़ेदार गड़बड़ियों की कहानी दिखाती है. फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
ट्रेलर की शुरुआत नए साल की पूर्व संध्या पर दोस्तों की एक पार्टी से होती है, लेकिन देखते ही देखते कहानी पूरी तरह बेकाबू हो जाती है. ट्रेलर में पुलिस, गुंडे, पार्टी बस, प्यार, झगड़े और यहां तक कि नशे में धुत घोड़ा भी नजर आता है. दोस्तों का एक साधारण-सा मिलना-जुलना ऐसी उथल-पुथल में बदल जाता है, जहां हर समस्या को सुलझाने की कोशिश मामला और बिगाड़ देती है.
ट्रेलर रिलीज़ होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है. दर्शकों को फिल्म का बिंदास अंदाज़ और अतरंगी कॉमेडी काफी पसंद आ रही है. एक यूज़र ने मज़ाकिया अंदाज़ में लिखा, "लगता है दोस्तों के ग्रुप चैट को फिल्म बनाने के लिए बजट मिल गया!" वहीं दूसरे यूज़र ने कहा, "मुझे नहीं पता मैंने अभी क्या देखा, लेकिन अब मुझे इसकी पूरी कहानी जाननी है."
फिल्म आज की दोस्ती, कुछ छूट जाने के डर (FOMO), बड़े होने की उथल-पुथल और उन गलत फैसलों की कहानी है, जो दोस्तों के साथ मिलकर सबसे मज़ेदार यादें बन जाते हैं. भारतीय परिवेश में बनी यह पार्टी कॉमेडी हिंदी सिनेमा में कम देखने वाले जॉनर को एक नया अंदाज़ देती है.
फिल्म को लेकर अभिनेता विराज गेहलानी ने कहा कि 'पार्टी एनिमल्स' ऐसा पागलपन है, जिसे शब्दों में समझाना मुश्किल है. उनके मुताबिक, इसमें संगीत, मस्ती और दोस्तों के साथ बिताए गए ऐसे पल हैं, जिनका असली मज़ा बड़े पर्दे पर ही आएगा.
वहीं सारेगामा इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सिद्धार्थ आनंद कुमार ने कहा कि इस फिल्म के जरिए उनकी कोशिश ऐसी कॉमेडी बनाने की थी, जो खुद को बहुत गंभीरता से न ले और अपने पागलपन को खुलकर अपनाए.
रवि छाबड़िया के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण विक्रम मेहरा और सिद्धार्थ आनंद कुमार ने यूडली फ़िल्म्स के बैनर तले किया है. फिल्म में विराज गेहलानी, अर्जुन तंवर, प्रगति नागपाल, नाकियाह हाजी, आलम खान, साकिब अयूब, कमलेश सावंत, अनिल चरंजीत, आरोन कौल, विजय पाटकर और मनोज जोशी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की कहानी अली हाजी, खुश मुल्लिक और वीर पंचाल ने लिखी है. 'पार्टी एनिमल्स' 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.