Meenakshi Seshadri's Comeback: मीनाक्षी शेषाद्रि की बॉलीवुड में वापसी, 30 साल बाद अमेरिका छोड़ मुंबई लौटीं 'दामिनी' एक्ट्रेस; कहा- 'मैं यहां खुद को साबित करने नहीं आई'

80 और 90 के दशक की मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि ने 30 साल के लंबे अंतराल के बाद अभिनय की दुनिया में अपनी वापसी की आधिकारिक घोषणा की है. अमेरिका में अपने पारिवारिक जीवन को समय देने के बाद, वे अब अपनी 'कर्मभूमि' मुंबई वापस आ गई हैं. सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए उन्होंने फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर मजबूत और प्रभावशाली भूमिकाएं करने की इच्छा जताई है.

मीनाक्षी शेषाद्रि (Photo Credits: File Image)

मुंबई, 25 मई: 'दामिनी', 'हीरो' और 'घायल' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली दिग्गज अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि (Meenakshi Seshadri) एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं. लगभग तीन दशकों (30 साल) तक अभिनय की दुनिया से दूर रहने के बाद, मीनाक्षी ने हिंदी फिल्म उद्योग में अपने कमबैक (Comeback) की आधिकारिक घोषणा कर दी है. वरिष्ठ अभिनेत्री नीना गुप्ता की तरह ही, मीनाक्षी ने भी किसी एजेंसी का सहारा लेने के बजाय सीधे सोशल मीडिया (Social Media) के माध्यम से फिल्म निर्माताओं और अपने प्रशंसकों तक पहुंच बनाई है. वे अमेरिका से पूरी तरह भारत स्थानांतरित (Relocate) हो चुकी हैं और मुंबई में रहकर नए प्रोजेक्ट्स की तलाश कर रही हैं. यह भी पढ़ें: Fact Check: क्या कंगना रनौत ने गुपचुप कर ली है शादी? सोशल मीडिया पर वायरल 'मंगलसूत्र' वाले वीडियो का सच आया सामने

पारंपरिक परिधान में वीडियो साझा कर प्रशंसकों का जताया आभार

मीनाक्षी शेषाद्रि ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वे पारंपरिक दक्षिण भारतीय परिधान में बेहद शालीन नजर आ रही हैं. अपने प्रशंसकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मेरे बढ़ते इंस्टाग्राम परिवार को सादर नमस्ते. आज मैं आप सभी को आपके प्यार, प्रोत्साहन और निरंतर समर्थन के लिए ईमानदारी से धन्यवाद देना चाहती हूं. पूरे 30 वर्षों के बाद, मैं वापस अपनी कर्मभूमि मुंबई लौट आई हूं और एक बार फिर पूरी उम्मीद, जुनून और सकारात्मकता के साथ मनोरंजन उद्योग में कदम रखा है.'

अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि वे किसी मुख्य भूमिका की होड़ में नहीं हैं, बल्कि उनके लिए प्रदर्शन का प्रभावशाली होना मायने रखता है. उन्होंने कहा, "मैं सार्थक अवसरों की तलाश में हूं, चाहे वह मुख्य भूमिका हो, सहायक चरित्र हो या कोई छोटा शो. बस प्रदर्शन दमदार होना चाहिए, फिर चाहे वह फिल्में हों या ओटीटी (OTT) शोज. मैं यहां स्टारडम के पीछे नहीं भाग रही, बल्कि केवल वही करना चाहती हूं जिससे मुझे सच्ची खुशी मिलती है.'

30 साल बाद, मीनाक्षी शेषाद्री ने बॉलीवुड में वापसी की घोषणा की

बिना किसी एजेंसी के खुद संभाल रही हैं वापसी का सफर

अपनी वापसी के संघर्ष और अब तक मिले प्रस्तावों पर खुलकर बात करते हुए मीनाक्षी ने बताया कि मुंबई आने के बाद उनके पास कई ऑफर आए, लेकिन उनमें से कुछ बहुत रोमांचक नहीं थे और कुछ पर बात आगे नहीं बढ़ सकी. उन्होंने कहा, 'मैं अपनी इस यात्रा को बिना किसी पीआर या टैलेंट एजेंसी के खुद संभाल रही हूं. इस चरण में आपका समर्थन मेरे लिए सब कुछ है. हालांकि मैं मुख्य रूप से भारत में रहूंगी, लेकिन छुट्टियों का कुछ समय अमेरिका में अपने परिवार के साथ और कभी-कभी अन्य जगहों की यात्राओं में बिताऊंगी.'

अभिनेत्री ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'मेरे प्रिय दोस्तों, मैं यहां किसी को कोई बात साबित करने (To prove any point) नहीं आई हूं. मैं यहां केवल अपने परिवार के प्यार और प्रोत्साहन के साथ हूं और वही कर रही हूं जो मुझे वास्तव में खुशी देता है. आप सभी अपना आशीर्वाद बनाए रखें, क्योंकि आपकी आस्था मुझे हर दिन प्रेरित करती है.'

बेटे के दीक्षांत समारोह के लिए फिलहाल बोस्टन में हैं अभिनेत्री

वीडियो के साथ साझा किए गए एक विस्तृत कैप्शन में मीनाक्षी ने अपने वर्तमान स्थान की जानकारी भी दी. उन्होंने बताया कि यह संदेश उन्होंने बोस्टन (USA) से रिकॉर्ड किया है, जहां वे अपने बेटे के हार्वर्ड यूनिवर्सिटी (Harvard University) से ग्रेजुएशन (दीक्षांत समारोह) का जश्न मनाने और परिवार के साथ गर्मियों की छुट्टियां बिताने आई हैं. उन्होंने हिंदी में लिखा, 'मैं आप सभी अद्भुत प्रशंसकों की शुभकामनाएं और आशीर्वाद मांग रही हूं, कौन जानता है कि किसी की दुआ से मुझे मेरा अच्छा मौका मिल जाए.'

करियर के शिखर पर छोड़ दिया था बॉलीवुड

मीनाक्षी शेषाद्रि 1980 और 1990 के दशक में बॉलीवुड की शीर्ष अभिनेत्रियों में शुमार थीं। उन्होंने फिल्म 'पेंटर बाबू' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान सुभाष घई की फिल्म 'हीरो' से मिली। इसके बाद उन्होंने 'मेरी जंग', 'शहंशाह', 'घायल' और 'घातक' जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया.

वर्ष 1993 में रिलीज हुई फिल्म 'दामिनी' में उनके द्वारा निभाए गए किरदार को आज 33 साल बाद भी भारतीय सिनेमा में किसी महिला कलाकार द्वारा दिए गए सबसे शक्तिशाली प्रदर्शनों में से एक माना जाता है. मीनाक्षी एक प्रशिक्षित भरतनाट्यम नृत्यांगना भी हैं. अपने करियर के चरम पर, उन्होंने विवाह के बाद फिल्म उद्योग को अलविदा कह दिया था और अपने पति व बच्चों के साथ अमेरिका में बस गई थीं.

Share Now