Kirti Kulhari Credit Card Scam: बॉलीवुड अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी बनीं साइबर ठगी का शिकार, क्रेडिट कार्ड से उड़ाए ₹2.43 लाख; मुंबई साइबर सेल ने शुरू की जांच

इससे पहले भी कई बॉलीवुड और खेल जगत की हस्तियां साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं. मार्च 2023 में दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया था, जिसने एमएस धोनी, अभिषेक बच्चन और माधुरी दीक्षित जैसी हस्तियों के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी क्रेडिट कार्ड बनवाए थे.

Kirti Kulhari Credit Card Scam: बॉलीवुड अभिनेत्री और निर्माता कीर्ति कुल्हारी साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग कर करीब 2.43 लाख रुपये की अंतरराष्ट्रीय ट्रांजैक्शन कर ली गई. मामले की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है. ‘Toxic’: ‘'टॉक्सिक’ के रोमांटिक गाने ‘मदहोश’ से तारा सुतारिया ने शेयर कीं यश संग खूबसूरत तस्वीरें, फैंस पर चला रोमांस का जादू (See Pics)

सिनेमा हॉल में मिला ट्रांजैक्शन का अलर्ट

बताया जा रहा है कि 24 जुलाई 2026 की रात कीर्ति कुल्हारी मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित सिनेपोलिस मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने गई थीं. इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक विदेशी ट्रांजैक्शन का अलर्ट आया. मैसेज में बताया गया कि उनके क्रेडिट कार्ड से Aeromexico Airlines के नाम पर 2,525 अमेरिकी डॉलर का भुगतान किया गया है. यह अलर्ट देखकर कीर्ति हैरान रह गईं, क्योंकि उन्होंने ऐसी कोई ट्रांजैक्शन नहीं की थी. इसके तुरंत बाद उन्होंने बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क किया.

चार अंतरराष्ट्रीय ट्रांजैक्शन में निकले ₹2.43 लाख

बैंक अधिकारियों की जांच में पता चला कि यह सिर्फ एक ट्रांजैक्शन नहीं था. उनके क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति के चार अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय ट्रांजैक्शन किए गए थे. इन सभी ट्रांजैक्शन की कुल राशि ₹2,43,852 थी. बैंक ने तत्काल उनका क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कर दिया ताकि आगे कोई और लेनदेन न हो सके.

पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

वर्सोवा निवासी कीर्ति कुल्हारी ने मामले की शिकायत अंबोली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. बाद में मामले की जांच मुंबई पुलिस की साइबर सेल को सौंप दी गई.

अपने बयान में अभिनेत्री ने कहा कि उन्होंने कभी भी अपना PIN, पासवर्ड, OTP या अन्य बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनका कार्ड या मोबाइल डेटा किसी मैलवेयर या स्पायवेयर के जरिए हैक किया गया हो सकता है.

साइबर सेल कर रही जांच

मुंबई साइबर सेल बैंक ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड, रेफरेंस नंबर और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि ये फर्जी ट्रांजैक्शन किस माध्यम से और कहां किए गए.

पहले भी सेलिब्रिटी रहे हैं निशाने पर

इससे पहले भी कई बॉलीवुड और खेल जगत की हस्तियां साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं. मार्च 2023 में दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया था, जिसने एमएस धोनी, अभिषेक बच्चन और माधुरी दीक्षित जैसी हस्तियों के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी क्रेडिट कार्ड बनवाए थे. वर्कफ्रंट की बात करें तो कीर्ति कुल्हारी हाल ही में वेब सीरीज 'शेखर होम' में नजर आई थीं. इसके अलावा उन्होंने हाल ही में अपनी पहली बतौर निर्माता फिल्म 'नायेका' की शूटिंग पूरी होने की भी घोषणा की है.

Share Now