क्या अजय देवगन और करण जौहर के बीच हो गई है सुलह? काजोल ने ये फोटो शेयर करके कहा- ऑल इज वेल
करण जौहर के चैट शो से सामने आई अजय देवगन और काजोल की ये तस्वीर, आप भी देखें
अजय देवगन और काजोल ने आज करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण सीजन 6' के लिए शूट किया. मुंबई में इस शो के आनेवाले एपिसोड के लिए शूटिंग की गई जिसकी फोटोज अब इंटरनेट पर देखने को मिली है. इन फोटोज में काजोल और अजय शो के होस्ट करण जौहर के साथ पोज करते हुए नजर आए. खास बात ये है कि काफी समय बाद ये तीनों एक साथ एक ही प्लेटफॉर्म पर नजर आए.
इस शूट के काजोल ने एक बुमेरांग वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया. वीडियो में करण, काजोल और अजय अपने स्टाइलिश अंदाज में पोज करते हुए दिखे. इस फोटो को शेयर करके काजोल ने एक बात साफ कर दी है कि अब इन सभी के बीच सब कुछ ठीक है. काजोल ने इसे कैप्शन दिया, "ऑल इज वेल.' इस कैप्शन से ही समझ आता है की काजोल किस बात की तरफ इशारा कर रही हैं.
गौरतलब है कि अजय देवगन और करण जौहर के बीच आपसी रिश्ते ठीक नहीं रहे हैं. सबसे रीसेंट मामला 2016 का ही ले लीजिए जब करण जौहर की फिल्म 'ए दिल है मुश्किल' और अजय देवगन की फिल्म 'शिवाय' एक साथ रिलीज हुई. उस दौरान कमाल रशीद खान ने करण जौहर पर आरोप लगाया था कि करण ने उन्हें अजय की फिल्म 'शिवाय' की निंदा करने के लिए और सोशल मीडिया पर 'ए दिल है मुश्किल' की तारीफ करने के लिए 25 लाख रुपए दिए थे.
इन सब विवादों के बीच अजय और करण के बीच की दरार और भी गहरी पड़ गई थी. लेकिन अब 'कॉफी विद करण' के सेट से आई इन फोटोज को देखने के बाद लगता है कि इन सभी ने बीती बातों को भुलाकर एक बार फिर अपनी दोस्ती पक्की कर ली है.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 15, 2018 05:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

