देश की खबरें | वाईएसआरसीपी नेता वल्लभनेनी वामसी को हैदराबाद में गिरफ्तार किया गया

अमरावती/हैदराबाद, 13 फरवरी आंध्र प्रदेश पुलिस ने युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के पूर्ववर्ती शासन के दौरान तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के गन्नावरम स्थित कार्यालय पर हुए हमले के मामले में बृहस्पतिवार को हैदराबाद में वाईएसआरसीपी नेता वल्लभनेनी वामसी को गिरफ्तार कर लिया।

गन्नावरम के पूर्व विधायक को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रैंक के एक अधिकारी ने गिरफ्तारी का नोटिस दिया।

पुलिस ने बताया कि वामसी को हैदराबाद के रायदुर्गम में एक अपार्टमेंट परिसर से गिरफ्तार किया गया।

उसने बताया कि वामसी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ऐसा बताया जा रहा है कि वामसी को पड़ोसी राज्य से विजयवाड़ा ले लाया जा रहा है।

इस बीच, वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया कि वामसी की गिरफ्तारी अवैध है क्योंकि उन्हें मामले में अग्रिम जमानत मिल गई है।

वाईएसआरसीपी ने इस मामले में शिकायतकर्ता का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया मंच‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘वामसी गन्नावरम में तेदेपा के कार्यालय पर हमले के मामले में अग्रिम जमानत पर हैं। हाल में सत्यवर्धन ने भी अपनी याचिका वापस ले ली है।’’

वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया कि शिकायत वापस लिए जाने के बावजूद तेदेपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के नेता गन्नावरम के पूर्व विधायक को ‘‘झूठे मामलों’’ के जरिए निशाना बना रहे हैं।

विपक्षी दल ने मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू से सवाल किया कि इस तरह की ‘‘बदले की’’ राजनीति कैसे चलेगी?

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)