देश की खबरें | राजस्थान विधानसभा में युवा संसद कार्यक्रम, 41 विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए

जयपुर, 27 जुलाई राजस्थान विधानसभा में शनिवार को युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें 41 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए सदन की कार्यवाही में भाग लिया।

राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा के तत्वावधान में आयोजित युवा संसद कार्यक्रम में 41 विद्यालयों के 181 विद्यार्थी विधायक के रूप में सदन में बैठे। इनमें से ही कुछ ने विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष एवं मंत्रियों की भूमिका निभाई। अनेक विद्यार्थियों ने विधायक के रूप में सवाल पूछे।

विधानसभा सचिवालय के प्रवक्ता के अनुसार इन 41 विद्यालयों में 20 जयपुर के थे।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि भारत विश्व का सबसे बड़ा एवं सफल लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र को महान बनाने में यहां की समृद्ध संवैधानिक परम्पराओं, नियमों और प्रक्रियाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस महान लोकतंत्र को इसी प्रकार जीवित रखने में देश के युवाओं का अहम योगदान होगा।

उन्होंने कहा कि भारत में प्राचीन काल से ही न्याय सभा तथा राज सभा के रूप में लोकतांत्रिक व्यवस्था रही है। उन्होंने युवा संसद में उपस्थित युवाओं से इस संसदीय व्यवस्था में भागीदार बनकर इस महान लोकतंत्र में एक नयी ऊर्जा का संचार करने का आह्वान किया।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने विद्यार्थियों को कहा कि सदन में बैठकर यहां की कार्यप्रणाली को बारीकी से समझ कर वे एक जागरूक नागरिक बने। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सीमित उपयोग और फेक न्यूज के प्रति जागरूक रहने को कहा।

विधायक और राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा के सचिव संदीप शर्मा ने कहा कि युवा संसद कार्यक्रमों से युवाओं को लोकतंत्र की स्वस्थ परम्पराओं, दूसरे के विचारों का सम्मान और विधायिका के कामकाज को बारीकी से समझने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

पृथ्वी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)