देश की खबरें | योग दिवस: भारत समेत दुनियाभर में लोगों ने लगाए ‘आसन’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को भारत समेत दुनियाभर में करोड़ों लोगों ने आसन लगाने के साथ प्राणायाम किये और देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर से इस समारोह का नेतृत्व किया।
नयी दिल्ली, 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को भारत समेत दुनियाभर में करोड़ों लोगों ने आसन लगाने के साथ प्राणायाम किये और देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर से इस समारोह का नेतृत्व किया।
देश में योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम श्रीनगर में डल झील के सुरम्य तट पर स्थित ‘एसकेआईसीसी’ में आयोजित किया गया था।
देशभर में आयोजित योग सत्रों में लोगों ने ‘आसन’ करके इस दिन को यादगार बनाया। एक योग सत्र समुद्र में विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य पर आयोजित किया गया।
दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति सचिवालय के अधिकारियों के साथ राष्ट्रपति भवन में योग किया। राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक आरोग्य का एक तरीका है। आइए हम योग को अपने दैनिक जीवन के अभिन्न अंग के रूप में अपनाने का संकल्प लें।’’ .
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि दुनिया योग को वैश्विक भलाई के एक शक्तिशाली कारक के रूप में देख रही है। उन्होंने इसे न केवल ज्ञान बल्कि एक विज्ञान भी बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा,‘‘जब लोग योग के बारे में बात करते हैं, तो उनमें से अधिकांश सोचते हैं कि यह एक आध्यात्मिक यात्रा है जैसे कि यह अल्लाह, ईश्वर या भगवान को पाने के लिए है... आध्यात्मिक यात्रा को छोड़ दें जो बाद में कभी भी हो सकती है। अभी के लिए आप अपने व्यक्तिगत विकास पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं और योग इसी का हिस्सा है।’’
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम खुले में आयोजित किया जाना था लेकिन सुबह-सुबह हुई बारिश के कारण कार्यक्रम को एक हॉल के अंदर आयोजित करना पड़ा।
बारिश की परवाह किए बिना इस अवसर पर विभिन्न ‘आसन’ करने में मोदी के साथ शामिल होने वालों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल थे। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री से सेल्फी के लिए अनुरोध किया जिसे उन्होंने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया।
इस बार योग से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय ‘स्वयं और समाज के लिए योग’ था।
तमिलनाडु के रामेश्वरम में लोगों के एक समूह ने पानी में ‘जल योग’ किया, वहीं सशस्त्र और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने सियाचिन के बर्फ से ढके पहाड़ों और राजस्थान के थार रेगिस्तान में रेत के टीलों पर ‘आसन’ किया।
योग दिवस सभी राज्यों में धूमधाम से मनाया गया और मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और राज्यपालों ने कार्यक्रमों में भाग लिया। अमित शाह, एस जयशंकर और राजनाथ सिंह सहित केंद्रीय मंत्री भी विभिन्न शहरों या उनके मंत्रालयों द्वारा आयोजित योग सत्रों में शामिल हुए।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने एक कार्यक्रम में कहा कि जातीय हिंसा प्रभावित उनका राज्य मुश्किल दौर से गुजर रहा है और उनकी सरकार समाज की बेहतरी के लिए राह बनाएगी।
इंफाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सिंह ने कहा कि मणिपुर की वर्तमान स्थिति स्वदेशी लोगों और उनके भविष्य के लिहाज से एक महत्वपूर्ण बिंदु है और अगर चीजों को समझदारी से निपटाया जाए तो ‘एक सुरक्षित भविष्य की गारंटी’ मिलेगी।
योग की सार्वभौमिक अपील को स्वीकार करते हुए दिसंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव का मसौदा भारत द्वारा प्रस्तावित किया गया था और रिकॉर्ड 175 सदस्य देशों द्वारा इसका समर्थन किया गया था।
न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने ‘टाइम्स स्क्वायर एलायंस’ के साथ प्रतिष्ठित ‘टाइम्स स्क्वायर’ पर विशेष योग सत्र की मेजबानी की। वाशिंगटन में भी सैकड़ों योग प्रेमियों का जमावड़ा दिखा।
तेल अवीव में ‘पेरेस सेंटर फॉर पीस एंड इनोवेशन’ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर इजराइल के 300 से अधिक लोगों ने आसन किए।
सिंगापुर, श्रीलंका, फ्रांस, ब्रिटेन, मलेशिया, इंडोनेशिया, कुवैत और इटली सहित दुनिया के अन्य हिस्सों में स्थित भारतीय दूतावासों ने भी योग दिवस मनाया।
ब्रिटिश उच्चायोग, अमेरिका और इजराइल के दूतावास उन राजनयिक मिशनों में शामिल थे जिन्होंने भारत में योग दिवस समारोह में हिस्सा लिया।
केरल में राज्य सरकार ने घोषणा की है कि वह इस साल राज्य में 10 हजार नये योग क्लब शुरू करेगी। स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने एक बयान में कहा कि योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक आरोग्य के लिए जरूरी है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में योग दिवस मनाने के लिए बड़ी संख्या में वायुसैनिक वायु सेना के अड्डे पर एकत्र हुए। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने नौसेना द्वारा यहां चाणक्य बाग में आयोजित एक सत्र में भाग लिया। हिंद महासागर और पश्चिमी प्रशांत महासागर में तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोत मिशन ने समुद्र और विदेशी बंदरगाहों पर योग सत्र आयोजित किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर में आयोजित योग समारोह में हिस्सा लिया जिसमें सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे भी शामिल हुए।
राजस्थान में सवाई मानसिंह स्टेडियम में राज्य स्तरीय योग समारोह आयोजित किया गया। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और अन्य नेताओं ने राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
असम में विभिन्न जगह आयोजित योग कार्यक्रम में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने हिस्सा लिया।
संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय ने शुक्रवार को दिल्ली में ऐतिहासिक पुराना किला और कुतुब मीनार स्थलों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कुतुब मीनार परिसर में सन डायल लॉन में एक योग कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
शेखावत ने 'एक्स' पर एक पोस्ट कर कहा, "भारत ने दुनिया को 'योग' सिखाया है। यह हमारी सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है। मोदी जी के प्रयासों से तय किए गए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को आज एक दशक पूरा हो गया है। पर्यटन मंत्रालय की टीम के साथ मैंने भी ऐतिहासिक कुतुब मीनार परिसर में योगासन किए और इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।''
उन्होंने इस कार्यक्रम के कुछ फोटो भी सोशल मीडिया मंच पर साझा किये।
वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसी) में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें संस्थान के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
आईजीएनसी परिसर में आयोजित कार्यक्रम को केंद्र के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने संबोधित करते योग को अपने जीवन में उतारने और निरन्तर अभ्यास करने पर बल दिया।
योगाभ्यास सत्र का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। योग दिवस से पूर्व एक माह (21 मई से 20 जून) तक आईजीएनसीए में योग कक्षाओं का आयोजन भी किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)