देश की खबरें | येदियुरप्पा ने बाबरी मस्जिद पर फैसले का स्वागत किया, कहा यह 'सत्य की जीत है'
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरू, 30 सितंबर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने बाबरी विध्वंस मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी एवं 31 अन्य आरोपियों को लखनऊ की सीबीआई अदालत द्वारा बरी किये जाने के फैसले का स्वागत करते हुये इसे 'सत्य की जीत' करार दिया ।

सीबीआई की विशेष अदालत ने पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी, पूर्व केंद्रीय मंत्रियों — मुरली मनोहर जोशी एवं उमा भारती— समेत सभी 32 आरोपियों को यह कहते हुये बरी कर दिया कि उनके खिलाफ कोई निर्णायक प्रमाण नहीं है ।

यह भी पढ़े | बीजेपी नेता भूपेंद्र यादव ने कहा- बिहार में NDA गठबंधन के तहत, BJP, JDU, LJP एक साथ मिलकर लड़ेगी चुनाव: 30 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

येदियुरप्पा ने संवाददाताओं से कहा, 'अदालत का यह कहना कि यह घटना पूर्व नियोजित नहीं थी, सत्य की विजय है ।'

फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रूप से उन्हें बहुत खुशी हुयी है क्योंकि वह भी राम जन्मभूमि आंदोलन का हिस्सा थे ।

यह भी पढ़े | Hathras Gangrape: BJP नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कानपुर एनकाउंटर की तरफ किया इशारा, कहा- वह योगी का प्रदेश है कभी भी गाड़ी पलट जाती है.

राम मंदिर निर्माण की पृष्ठभूमि तैयार करने का श्रेय भाजपा के वरिष्ठ नेताओं — आडवाणी, जोशी तथा भारती — को देते हुये येदियुरप्पा ने कहा, 'सभी भारतीयों के आनंद के क्षण में, मैं फैसले का स्वागत करता हूं ।'

गौरतलब है कि राम मंदिर के निर्माण के लिये भूमि पूजन एवं शिलान्यास दो महीने पहले किया जा चुका है ।

बाबरी विध्वंस के दिन को याद करते हुये येदियुरप्पा ने कहा कि इस अवसर पर आडवाणी के उस ऐतिहासिक भाषण को कोई नहीं भूल सकता है ।

यह मामला उत्तर प्रदेश के आयोध्या में छह दिसंबर 1992 को विवादित ढांचा गिराये जाने से संबंधित है, इसके बाद देश में कई जगह दंगे भड़क गये थे, कई महीने तक चले इन दंगों में करीब दो हजार लोगों की मौत हो गयी थी ।

विवा​दित ढांचे को 'कार सेवकों' ने गिराया था, जिनका दावा था कि प्राचीन राम मंदिर के स्थान पर मस्जिद का निर्माण किया गया था ।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा सी एन अश्वथ नारायण, गृह मंत्री बासवराज बोम्मई और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन सचिव बी एल संतोष समेत अन्य लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)