देश की खबरें | महिला दिवस: राष्टूपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों ने महिलाओं की भूमिका को सराहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने सोमवार को ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस’ की शुभकामनाएं दीं और विभिन्न क्षेत्रों में नारी शक्ति की भूमिका की सराहना की।

नयी दिल्ली, आठ मार्च राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने सोमवार को ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस’ की शुभकामनाएं दीं और विभिन्न क्षेत्रों में नारी शक्ति की भूमिका की सराहना की।

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हमारे देश की महिलाएं अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियों के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। आइए, आज के दिन हम महिलाओं एवं पुरुषों के बीच असमानता को पूरी तरह समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लें।’’

कोविंद ने अपनी पत्नी सविता कोविंद की तस्वीर भी ट्वीट की, जिसमें वह कोविड-19 टीके की पहली खुराक लेती दिख रही हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को बधाई दी और कहा कि भारत को उनकी तमाम उपलब्धियों पर गर्व है।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं अदम्य नारी शक्ति को सलाम करता हूं। देश की महिलाओं की तमाम उपलब्धियों पर भारत को गर्व है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में काम करना हमारी सरकार के लिए सम्मान की बात है।’’

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला स्वास्थ्यकर्मियों को सलाम करते हुए कहा कि उनके योगदान ने कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की जंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘नो ‘हीरो’ विदआउट ‘हर’ (नारी बिना के बिना कोई नायक नहीं हो सकता)।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘कोविड-19 संकट के इस समय में नारी शक्ति की निस्वार्थ और मजबूत भूमिका सामने आयी। इस महिला दिवस पर हम कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की लड़ाई में योगदान देने वाली 60 लाख से अधिक महिला स्वास्थ्यकर्मियों को सलाम करते हैं।’’

ईरानी ने लिखा, ‘‘नए मोर्चों को फतह करने की इच्छा और बदलाव, विकास एवं समानता के पथप्रदर्शक बने रहने का वादा। सभी महिलाओं और महिला नीत विकास के समर्थकों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कहा कि महिलाएं इतिहास रचने और भविष्य संवारने में सक्षम हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘महिलाएं पूरे विनीत भाव से इतिहास रचने और भविष्य संवारने में सक्षम हैं। कोई आपको रोकने नहीं पाए।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘ महिलाओं की आवाज को ज्यादा से ज्यादा जगह मिलना महिला सशक्तीकरण की नींव है। जितनी ज्यादा महिला जनप्रतिनिधि, वकील, पायलट, उद्यमी, सैनिक, डॉक्टर, शिक्षक, लेखक, पत्रकार, खिलाड़ी, कलाकार...होंगी, ये दुनिया उतनी ही खूबसूरत और सशक्त बनेगी।’’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश की नींव को मजबूत करने में नारी शक्ति की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जीवन के सभी क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज महिलाएं भारत की रक्षा और सुरक्षा संरचना का अभिन्न अंग बन चुकी हैं। इस सशक्तीकरण का लक्षित परिणाम महिलाओं के लिए ऐसे वातावरण का निर्माण करना है, जहां वे स्वतंत्र, सुरक्षित महसूस कर सकें और अपने पेशे को चुन सकें।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘मैं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर साहस, शौर्य और समर्पण की प्रतीक नारी शक्ति को नमन करता हूं। महिला सशक्तीकरण सदैव मोदी सरकार की नीतियों का केंद्र रहा है और ये गर्व की बात है कि आज हमारी मातृशक्ति आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।’’

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में अपनी अद्भुत प्रतिभा एवं परिश्रम से पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

उन्होंने संस्कृत का श्लोक साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:। यत्रैतास्तु न पूज्यन्ते सर्वास्तत्राफला: क्रिया:।। (जहां स्त्रियों की पूजा होती है, वहां देवता वास करते हैं। जहां उनकी पूजा नहीं होती, वहां सब काम निष्फल रहते हैं।)’’

उन्होंने लिखा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी माताओं,बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं। हमारी नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में अपनी अद्भुत प्रतिभा एवं परिश्रम से पूरे देश को गौरवान्वित किया है।’’

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, ‘‘विषम परिस्थितियों के बावजूद महिलाओं ने निरंतर अपनी क्षमता को सिद्ध किया है। महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

वास्तविक जीवन की कुछ नायिकाओं, कोविड-19 से निपटने में मदद करने वाली महिला योद्धाओं को मेरा सलाम।’’

नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्वच्छ भारत समेत विभिन्न सरकारी पहलों में महिलाओं की भूमिकाओं की प्रशंसा की। उन्होंने एअर एंडिया की उस उड़ान की कैप्टन स्वाति रावल की तस्वीर भी साझा की, जिससे लॉकडाउन के दौरान रोम में फंसे 263 यात्रियों को स्वदेश लाया गया था।

रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भारतीय रेल की पहली महिला चालक की तस्वीर साझा की।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस दुनियाभर में आठ मार्च को मनाया जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Score Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच खेला जा रहा हैं तीसरा टी20 मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Streaming In India: वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच आज खेला जाएगा तीसरा टी20, यहां जानें भारत में कब, कहां और कैसे उठाएं लाइव मैच का लुफ्त

West Indies Women vs Australia Women T20I Stats: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Pitch Report And Weather Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला मुकाबले में मौसम बनेगा अहम फैक्टर या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मौसम का हाल

\