देश की खबरें | जिताऊ उम्मीदवारों को मिलेगी टिकट, उम्र कोई कसौटी नहीं: रंधावा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बुधवार को कहा कि पार्टी 'जिताऊ' उम्मीदवारों को टिकट देगी और इस लिहाज से उम्र ही एकमात्र 'मानदंड' नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि टिकटों के बंटवारे में कोई 'सिफारिशी तंत्र' नहीं चलेगा।
जयपुर, सात जून कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बुधवार को कहा कि पार्टी 'जिताऊ' उम्मीदवारों को टिकट देगी और इस लिहाज से उम्र ही एकमात्र 'मानदंड' नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि टिकटों के बंटवारे में कोई 'सिफारिशी तंत्र' नहीं चलेगा।
राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। 'बड़ी' उम्र के लोगों को टिकट नहीं दिए जाने की संभावना संबंधी सवाल पर रंधावा ने यहां मीडिया से कहा,‘‘ऐसी कोई बात नहीं है, जो जीतेगा उसको (टिकट) देंगे। ...क्या आप घर में बड़े को यह कहते हुए घर से बाहर कर देंगे कि आप बूढे़ हो गए चलो अब बाहर? ऐसा नहीं होता।’’
एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा,‘‘उम्र की ‘कट ऑफ’ राजनीति में नहीं हो सकती। हमारी पार्टी में, हम युवाओं को हमेशा साथ लेकर चलते हैं व उन्हें आगे करते रहते हैं।’’
लगातार दो बार हारे उम्मीदवारों को टिकट नहीं दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा,‘‘उनके बारे में सोचेंगे व चर्चा करेंगे।’’
इसके साथ ही रंधावा ने कहा कि कांग्रेस प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई से नहीं डरती और उसका डटकर मुकाबला करेगी।
ईडी ने शिक्षक भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र लीक सबंधी धन शोधन की जांच के सिलसिले में सोमवार को राज्य के कई स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की थी। ईडी के छापों के बारे में पूछे जाने पर रंधावा ने कहा कि ‘‘हम ईडी से डरते नहीं हैं।’’
उन्होंने कहा,‘‘ईडी का हमें कोई डर नहीं है। कर्नाटक में जहां भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) बुरी तरह हारी है...वहां हमारे (मौजूदा) उपमुख्यमंत्री (डी. शिवकुमार) को जेल में डाल दिया गया था, लेकिन लोगों ने इन (भाजपा वालों) को मुंह नहीं लगाया।’’
रंधावा ने कहा, ‘‘ ईडी, सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) हो या इनकम टैक्स (आयकर विभाग) ... भाजपा लोगों को डराती है। इसका डटकर हम मुकाबला करेंगे, हम डरते नहीं हैं।’’
टिकट बंटवारे में 'सिफारिशी तंत्र' के हावी होने के सवाल पर रंधावा ने कहा,‘‘कर्नाटक में सिफारिश तंत्र नहीं आया, हिमाचल प्रदेश में नहीं आया। राजस्थान में भी नहीं आएगा।’’
उन्होंने कहा,‘‘ राजनीति में उम्र की कोई 'कट ऑफ' नहीं होती। जीतने वाले प्रत्याशियों को हम टिकट देंगे।’’
राज्य के कई मंत्रियों व कांग्रेस विधायकों ने यहां रंधावा से मुलाकात की। रंधावा ने इन बैठकों में उनका 'फीडबैक' लिया और कहा कि इस तरह की बैठकों का दौर चुनावों तक जारी रहेगा।
उन्होंने कहा,‘‘ये बैठकें तो हर रोज चलती रहेंगी, मेरा काम ही है कार्यकर्ताओं से मिलना। विधानसभा चुनाव तक हर रोज ऐसी बैठक होती रहेंगी, हम चुनावी मोड में हैं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा,‘‘मैंने पार्टी के हरेक आदमी, कार्यकर्ता, छोटे- बड़े नेता से बात की है और फीडबैक लिया है। कार्यकर्ताओं की समस्याओं, उनकी मांगों आदि के बारे में जानकारी ली जबकि मंत्रियों ने अपने विभागों के कामकाज की चर्चा की।’’
इससे पहले यहां पार्टी के एक कार्यालय (वार रूम) में मंत्री ममता भूपेश, सालेह मोहम्मद, गोविंद मेघवाल आदि ने रंधावा से मुलाकात की। विधायक कृष्णा पूनिया व कई पूर्व विधायक भी रंधावा से मिले। ईसाई व सिख समुदाय के प्रतिनिधि भी रंधावा से मिले।
पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि जो लोग रंधावा से मिलना चाहते थे उन्हें पार्टी प्रभारी ने समय दिया है। बीच में रंधावा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलने के लिए मुख्यमंत्री आवास गए थे।
उन्होंने बताया कि दोनों नेता (रंधावा और डोटासरा) बाद में, पार्टी नेताओं के साथ बैठक करने के लिए कार्यालय लौट आए। रंधावा मंगलवार शाम यहां पहुंचे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)