देश की खबरें | विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान का आगरा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान का शनिवार को यहां ताजगंज श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। चौहान की तमिलनाडु में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गयी थी। इस हादसे में 13 अन्य लोगों की भी मौत हो गयी थी।

आगरा (उप्र), 11 दिसंबर भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान का शनिवार को यहां ताजगंज श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। चौहान की तमिलनाडु में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गयी थी। इस हादसे में 13 अन्य लोगों की भी मौत हो गयी थी।

भारतीय वायु सेना के कर्मी चौहान के पार्थिव शरीर को सेना के वाहन में श्मशान घाट लाए और यहां गारद सलामी दी गयी।

चौहान के बेटे अविराज (7), बेटी आराध्या (12) और एक रिश्तेदार पुष्पेंद्र सिंह ने परिवार के सदस्यों, भारतीय वायु सेना, आगरा प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की मौजूदगी में चिता को मुखाग्नि दी।

विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान की अंतिम यात्रा के दौरान उनहें विदाई देने के लिए सड़क पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। उन्होंने अधिकारी को अंतिम विदाई देने के लिए फूल बरसाए।

उनका पार्थिव शरीर सुबह करीब 10 बजे आगरा हवाई अड्डे पर पहुंचा। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री और आगरा से सांसद एस पी बघेल तथा भारतीय वायु सेना, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

श्मशान घाट पर अधिकारी के पिता सुरेंद्र सिंह, पत्नी कामिनी सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों के अलावा कई स्थानीय नेता, गणमान्य व्यक्ति तथा अधिकारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि बुधवार को तमिलनाडु में एमआई7वी5 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार प्रमुख रक्षा अध्यक्ष बिपिन रावत, चौहान तथा 12 अन्य लोगों की मौत हो गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\