देश की खबरें | महाराष्ट्र में इतनी क्रूरता कहां से आयी: भुजबल ने सरपंच हत्या मामले का उल्लेख करते हुए सवाल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति के घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ विधायक छगन भुजबल ने बुधवार को महाराष्ट्र में क्रूरता की ‘‘बढ़ती’’ घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और बीड में एक सरपंच की नृशंस हत्या और परभणी जिले में एक प्रदर्शनकारी की हिरासत में मौत सहित अन्य मामलों का जिक्र किया।
मुंबई, पांच मार्च महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति के घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ विधायक छगन भुजबल ने बुधवार को महाराष्ट्र में क्रूरता की ‘‘बढ़ती’’ घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और बीड में एक सरपंच की नृशंस हत्या और परभणी जिले में एक प्रदर्शनकारी की हिरासत में मौत सहित अन्य मामलों का जिक्र किया।
पूर्व मंत्री भुजबल ने राज्य विधानमंडल की संयुक्त बैठक में राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन के अभिभाषण के लिए उन्हें धन्यवाद देने के प्रस्ताव पर विधानसभा में बोलते हुए ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एकजुट प्रयास करने का आह्वान किया।
भुजबल ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में राज्य हिंसा और अपराध की घटनाएं सामने आयी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे वह (बीड जिले में) सरपंच संतोष देशमुख की जघन्य हत्या हो, परभणी में (प्रदर्शनकारी) सोमनाथ सूर्यवंशी की हिरासत में मौत हो, लातूर में धनगर समुदाय के युवक पर हमला हो या जालना में शिव मंदिर में प्रवेश करने पर धनगर युवक कैलाश बोरहाडे पर हमला हो। क्या कोई इन घटनाओं के बारे में बात करेगा? महाराष्ट्र में इतनी क्रूरता कहां से आयी?’’
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से आग्रह किया कि वे समाज के सभी वर्गों की बैठक आयोजित करने में नेतृत्व करें, ताकि स्थिति को शांत करने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के तरीकों पर चर्चा की जा सके।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बोरहाडे को प्रताड़ित करना मानवता पर एक "धब्बा" है। शिंदे ने कहा कि शिव मंदिर में जाने के कारण उन्हें लोहे की गर्म छड़ों से दागा गया।
उपमुख्यमंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि "हमने घटना को गंभीरता से लिया है और आरोपियों को कड़ी सजा सुनिश्चित करेंगे।"
शिंदे ने कहा कि यह दुखद है कि लोगों ने पीड़ित को बचाने के बजाय हमले को देखा और वीडियो बनाए।
उन्होंने कहा कि इस घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
शिंदे ने कहा कि आरोपियों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मुकदमा चलाया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)