देश की खबरें | फरहान ने ‘दिल चाहता है’ के लिए जब आमिर खान से संपर्क किया तब वह छुट्टियों पर थे : अख्तर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अनुभवी गीतकार-पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने रविवार को कहा कि उनके बेटे फरहान अख्तर अपनी निर्देशित पहली फिल्म ‘दिल चाहता है’ की पटकथा लेकर बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के पास जब गए थे तब वह नयी कहानी सुनने के संदर्भ में छह महीने के ब्रेक पर थे।
मुंबई, नौ मार्च अनुभवी गीतकार-पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने रविवार को कहा कि उनके बेटे फरहान अख्तर अपनी निर्देशित पहली फिल्म ‘दिल चाहता है’ की पटकथा लेकर बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के पास जब गए थे तब वह नयी कहानी सुनने के संदर्भ में छह महीने के ब्रेक पर थे।
जावेद अख्तर ने पीवीआर-आइनॉक्स के शो ‘आमिर खान: सिनेमा का जादूगर’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उस घटना को याद किया जो आमिर ने एक बार उनके साथ साझा की थी।
जावेद अख्तर के मुताबिक आमिर ने उनसे कहा था, ‘‘मैंने अपने सेक्रेटरी से कहा था कि मैं आने वाले छह महीनों तक कोई पटकथा नहीं सुनूंगा। फिर यह लड़का (फरहान) उस सेट पर आया जहां मैं शूटिंग कर रहा था। मैंने पहचाना कि यह आपका बेटा है, पहले उसके चेहरे से और फिर उसके नाम से। इसलिए, मैंने उससे कहा कि मैं छह महीने तक कोई पटकथा नहीं सुन रहा हूं। मैंने उसे बाद में आने के लिए कहा।’’
प्रख्यात गीतकार ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘‘उन्होंने मुझसे कहा, मैं आपके (जावेद अख्तर) फोन का इंतजार कर रहा था कि आप मुझे फोन करें और कहें कि ‘वह मेरा बेटा है, स्क्रिप्ट सुनिए’। लेकिन 10 दिनों के बाद, आपने मुझे फोन नहीं किया, तो मुझे समझ में आया कि उसने अपने पिता से बात नहीं की। मैं उत्सुक हो गया। मुझे लगा कि उस लड़के में कुछ हिम्मत है कि वह यह जानते हुए भी कि आमिर खान के साथ आपके अच्छे संबंध हैं, अपने पिता से बात नहीं कर रहा। इसलिए, मैंने स्क्रिप्ट सुनने का फैसला किया।’’
जावेद अख्तर ने रेखांकित किया, ‘‘ जैसे ही कहानी खत्म हुई, आमिर ने हां कह दिया।’’
बाद में फरहान अख्तर अपने पिता के पास गए और उनसे ‘दिल चाहता है’ की स्क्रिप्ट पढ़ने को कहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)