देश की खबरें | हम भारत में शांतिपूर्वक रह रहे हैं : मुस्कान खान के पिता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिजाब का बचाव करने के लिए कर्नाटक की छात्रा मुस्कान खान की तारीफ करने वाले अलकायदा सरगना अयमान अल जवाहिरी के वीडियो बयान से दूरी बनाते हुए उसके (मुस्कान के) पिता ने आतंकी संगठन प्रमुख के बयान को ‘गलत’ बताया और कहा कि वह और उनके परिवार के सदस्य भारत में शांतिपूर्वक रह रहे हैं।
मांडया (कर्नाटक), छह अप्रैल हिजाब का बचाव करने के लिए कर्नाटक की छात्रा मुस्कान खान की तारीफ करने वाले अलकायदा सरगना अयमान अल जवाहिरी के वीडियो बयान से दूरी बनाते हुए उसके (मुस्कान के) पिता ने आतंकी संगठन प्रमुख के बयान को ‘गलत’ बताया और कहा कि वह और उनके परिवार के सदस्य भारत में शांतिपूर्वक रह रहे हैं।
मुस्कान के पिता ने इस बात का जिक्र किया कि इस तरह की घटनाएं परिवार की शांति में खलल डालने वाली हैं और पुलिस एवं राज्य सरकार सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर सकती है।
जवाहिरी की वीडियो क्लिप के बारे में प्रतिक्रिया व्यक्त करने को कहे जाने पर मोहम्मद हुसैन खान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम इस (वीडियो) के बारे में कुछ नहीं जानते हैं। हम नहीं जानते कि वह कौन है। मैंने उसे आज पहली बार देख...हम यहां प्रेम एवं भाईचारा के साथ रह रहे हैं।’’
जवाहिरी द्वारा वीडियो में मुस्कान की तारीफ किये जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘लोग जो चाहें कह सकते हैं...यह अनावश्यक परेशानी पैदा कर रहा है। हम देश में शांतिपूर्वक रह रहे हैं, हम नहीं चाहते कि वह इस बारे में बात करे क्योंकि वह हमसे संबद्ध नहीं है...यह गलत है, यह हमारे बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश है।’’
उन्होंने मुस्कान के भी वीडियो देखने का जिक्र करते हुए कहा कि जवाहिरी ने जो कुछ कहा है वह गलत है।
मुस्कान के पिता ने कहा, ‘‘वह (मुस्कान) अब भी एक छात्रा है, वह पढ़ना चाहती है। ’’
किसी संबंध का पता लगाने के लिए जांच कराने की लोगों के एक वर्ग द्वारा की जा रही मांग के बारे में पूछे जाने पर खान ने कहा ऐसा होने दीजिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए कानून, पुलिस और सरकार है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)