देश की खबरें | आज की बारिश व्यवस्था के लिए चेतावनी, पिछली सरकार ‘विकास में पीछे रही': दिल्ली की मुख्यमंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को मानसून से पहले हुई बारिश को राजधानी के जर्जर बुनियादी ढांचे के लिए चेतावनी करार दिया और पिछली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर एक दशक तक विकास कार्यों को रोककर रखने का आरोप लगाया।
नयी दिल्ली, दो मई दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को मानसून से पहले हुई बारिश को राजधानी के जर्जर बुनियादी ढांचे के लिए चेतावनी करार दिया और पिछली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर एक दशक तक विकास कार्यों को रोककर रखने का आरोप लगाया।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘आप’ प्रमुख जलभराव और पेड़ों के टूटने की समस्याओं से बेखबर थे क्योंकि वह ‘शीश महल’ में गहरी नींद में थे।
शहर में भारी वर्षा के बाद मजनू का टीला इलाके का दौरा करने के बाद रेखा गुप्ता ने इस तरह के संकटों को रोकने के लिए शहर में योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता पर बल दिया।
शुक्रवार को सुबह हुई भारी बारिश से शहर में कई स्थानों पर जलभराव देखा गया वहीं यातायात में भी बाधा आयी। तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़ गए।
नजफगढ़ में एक मकान के ढहने से एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। मिंटो ब्रिज और आईटीओ सहित कई व्यस्त सड़कों पर जलभराव हो गया, जिसकी वजह से यातायात जाम हो गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को मानसून के दौरान जलभराव को रोकने के लिए गड्ढों को भरने एवं सीवर की मरम्मत का काम शुरू करने का निर्देश दिया।
उन्होंने ‘देवी ईवी बस’ के उद्घाटन के दौरान कहा, “मैं आज (शुक्रवार को) हुई इस बेमौसम बारिश के लिए भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं, जो पूरी व्यवस्था के लिए चेतावनी है।”
रेखा गुप्ता ने कहा, “यह एक दिन की समस्या नहीं है, बल्कि पिछले 10-15 वर्षों में दिल्ली में विकास कार्यों में देरी, व्यवस्था में गड़बड़ी और प्रशासन की उदासीनता का मामला है।”
उन्होंने कहा, “ये मामले केजरीवाल के कानों तक नहीं पहुंचते थे, क्योंकि वह आंधी, टूटे पेड़ों और जलभराव से बेखबर अपने शीश महल में गहरी नींद का आनंद लेते थे।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुबह से ही मंत्री और अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा सुबह छह बजे मिंटो रोड पर थे और अधिकारी तड़के पांच बजे से ही काम पर लग गए थे।
उन्होंने कहा, “हमें याद नहीं है कि किसी पूर्व मुख्यमंत्री या मंत्री ने बाढ़ या सीवर की स्थिति का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण किया हो। हम यह सुनिश्चित करने के लिए यहां हैं कि दिल्ली को पिछली उपेक्षा के कारण नुकसान नहीं उठाना पड़े।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के कई हिस्सों में नालों के जाम होने और सड़कों के क्षतिग्रस्त होने के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है।
उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सभी संवेदनशील स्थानों की तुरंत पहचान करें और नालों से गाद निकालने एवं सड़कों की मरम्मत या निर्माण जैसे आवश्यक कार्य शुरू करें ताकि मानसून के दौरान ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।’’
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सभी विधायक जलभराव की समस्या का आकलन करने और उसका समाधान करने के लिए अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में निरीक्षण कर रहे हैं।
दिल्ली में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री प्रवेश वर्मा ने मिंटो ब्रिज क्षेत्र का निरीक्षण किया और वहां का एक वीडियो साझा किया।
उन्होंने कहा, ‘‘बेमौसम रिकॉर्ड बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी भर गया है। मिंटो ब्रिज के सभी चार पंप काम कर रहे हैं। एक पाइप फट गया था जिसकी मरम्मत की जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (आईएफसी) सहित विभिन्न नगर निकाय एजेंसी नालों की सफाई का काम कर रही हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में भारी बारिश, तेज हवाएं और धूल भरी आंधी के कारण ‘रेड अलर्ट’ जारी किया था।
दिल्ली में सुबह गरज के साथ भारी बारिश होने एवं तेज हवाएं चलने के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 200 से अधिक उड़ानों के परिचालन में देरी हुई और तीन उड़ानों के मार्ग में बदलाव करना पड़ा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)