देश की खबरें | वृंदा करात ने अपने बूथ पर मतदान में देरी को लेकर निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा

नयी दिल्ली, 25 मई मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की वरिष्ठ नेता वृंदा करात ने शनिवार को आरोप लगाया कि उन्हें वोट डालने के लिए लगभग एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा क्योंकि उनके मतदान केंद्र पर ईवीएम कंट्रोल यूनिट की बैटरी खत्म हो गई थी।

दूसरी तरफ, निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान केवल 15 मिनट के लिए रोका गया था और अब फिर से सुचारू रूप से जारी है।

करात नयी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के सेंट कोलंबस स्कूल में बने मतदान केंद्र पर वोट डालने गई थीं।

उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मतदान करने से पहले लगभग 50 मिनट तक इंतजार करना पड़ा।

करात का कहना है, ‘‘हम वोट देने आए हैं, वे कह रहे हैं कि मशीन की बैटरी डाउन हो गई है। अगर सुबह-सुबह मशीन की बैटरी डाउन हो गई है, तो सोचिए चुनाव आयोग की क्या हालत होगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने यहां एक शिकायत लिखी है, ऐसा कैसे हुआ कि सुबह नौ बजे मशीन की बैटरी डाउन हो गई? उन्होंने क्या व्यवस्था की है? लोग इतनी देर तक गर्मी में यहां इंतजार कर रहे हैं।’’

बाद में करात ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि उन्हें करीब 50 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। उनके पहुंचने से पहले से मशीन की बैटरी लगभग 20 मिनट से डाउन थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)